अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा नगर में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। यहां वार्ड संख्या 5 स्थित बस स्टैंड के पास एक तीन मंजिला लॉज इमारत अचानक ढह गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। जबकि, 10 से अधिक लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय लॉज में कई लोग मौजूद थे। इमारत के गिरते ही चीख पुकार मच गई। जिसके बाद आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही प्रशासन, नगर पालिका और पुलिस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया।

स्थानीय लोगों और बचाव दल की मदद से अब तक दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। इन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा भेजा गया। जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, मलबा हटाने के लिए एक क्रेन और चार जेसीबी मशीनों की मदद ली जा रही है ताकि फंसे हुए लोगों को जल्द से जल्द बाहर निकाला जा सके।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह लॉज संजय अग्रवाल की है। हादसे के पीछे की संभावित वजह पास में चल रहा निर्माण कार्य माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार, सटे हुए क्षेत्र में करीब 10 फीट गहरी नींव खोदी गई थी। जिससे लॉज की नींव कमजोर हो गई और पूरी इमारत अचानक भरभराकर गिर गई।