उमरिया। मध्य प्रदेश के उमरिया और अनूपपुर जिले की सीमा पर शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पुलिया के पास पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई। जबकि, 41 लोग घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा  रही है। गंभीर रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद शहडोल मेडिकल कॉलेज और अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया है।

हादसा उमरिया जिले के पाली थाना क्षेत्र और अनूपपुर जिले की सीमा से लगे बिजौरा तिवनी मार्ग पर शनिधाम के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, अनूपपुर जिले के गिंजरी और पड़मनिया क्षेत्र के आदिवासी समाज के लोग अपने परिवारों के साथ धार्मिक आयोजन और बड़े देव की पूजा अर्चना में शामिल होने के लिए बिजौरा और तिवनी जंगल क्षेत्र गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी लोग एक ही ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार होकर वापस लौट रहे थे। उसी वक्त पुलिया के मोड़ पर वाहन असंतुलित होकर पलट गया।

यह भी पढ़ें:छत्तीसगढ़ की सेंट्रल यूनिवर्सिटी में पेपर लीक, परीक्षा से पहले ही छात्रों तक पहुंचे प्रश्नपत्र

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रॉली पलटते ही उसमें सवार कई लोग करीब 10 फीट नीचे जा गिरे और भारी ट्रॉली के नीचे दब गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस व प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पाली एसडीएम मीनाक्षी बंजारे, एसडीओपी एस.सी. बोहित, पुलिस बल और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। प्रशासन ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर एम्बुलेंसों के जरिए पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

अधिकारियों के अनुसार, ट्रैक्टर ट्रॉली में लगभग 50 लोग सवार थे। दुर्घटना में घनश्याम सिंह (45), सहबल बैगा (55), भूपत सिंह (50) और बीर सिंह (60) की मौत हो गई। कुछ लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया था। जबकि, अन्य की मौत अस्पताल ले जाते समय या उपचार के दौरान हो गई। हादसे में घायल 41 लोगों का इलाज किया गया। इनमें से कई को बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया है। 

यह भी पढ़ें:जापान ने भारतीय आमों पर लगाया प्रतिबंध, एक्सपोर्टर्स को होगा करोड़ों का नुकसान

एसडीओपी एस.सी. बोहित ने बताया कि श्रद्धालु पूजा के लिए जा रहे थे। तभी पुलिया के पास ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई। वहीं, एसडीएम मीनाक्षी बंजारे ने प्रारंभिक जांच के आधार पर बताया कि चालक संभवतः तेज गति से वाहन चला रहा था और मोड़ पर नियंत्रण खो बैठा था। जिसकी वजह से यह दुर्घटना हुई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

हादसे की सूचना मिलते ही अस्पतालों में अफरा तफरी का माहौल बन गया था। बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण घायलों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे। प्रशासन ने सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। अनूपपुर कलेक्टर हर्षल पंचोली ने शहडोल मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और चिकित्सकों को समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से 4 4 लाख रुपये तथा संबल योजना के तहत 4 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

यह भी पढ़ें:IPL में स्मार्ट सनग्लासेस पर लगा बैन, खिलाड़ियों के देर रात बाहर जाने पर भी रोक