भोपाल। राजधानी भोपाल समेत मध्य प्रदेश में ठंड अपने पूरे शबाब पर है। कई जिलों में सुबह से ही शीतलहर का दौर जारी है। तेज हवा की वजह से पारा लगातार गिरता जा रहा है। घर से बाहर लोग ठंड से बचने के लिए स्वेटर, जैकेट और स्कार्फ पहने नजर आ रहे हैं। सोमवार रात दतिया प्रदेश का सबसे ज्यादा ठंडा स्थान रहा। यहां सोमवार-मंगलवार रात को पारा 3.2 डिग्री तक गिर गया। जबकि टीकमगढ़ 5.7 डिग्री, रीवा में 6 डिग्री तक पारा गिरा। वहीं बैतूल, जबलपुर, होशंगाबाद, छिंदवाड़ा, सीधी और नरसिंहपुर में 10 डिग्री से कम तापमान दर्ज किया गया।

प्रदेश के करीब 14 स्थानों पर सोमवार रात पारा 7 डिग्री से भी कम दर्ज किया गया। भोपाल और इंदौर में 8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। जबलपुर में मंगलवार सुबह कोहरा छाया रहा। यहां विजिबिलिटी मात्र 500 मीटर तक रह गई थी। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार नए साल की शुरूआत तक ठंड के तेवर तीखे रहने की उम्मीद है। 3-4 जनवरी तक शीतलहर चलने का अनुमान जताया जा रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में शीतलहर की वजह से धूप का असर भी नहीं हो रहा है।

और पढ़ें: Ratlam: बेटे की याद में दान किया दस बिस्तरों का अस्पताल

गौरतलब है कि उत्तरभारत की ओर से आ रही बर्फीली हवाओं की वजह से मध्यप्रदेश में लगातार पारा गिरता जा रहा है। देश के जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड़ जैसे पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो रही है। जिससे मध्यप्रदेश में सर्दी का सितम तेज हो गया है। मौसम विभाग की मानें तो राज्य के कई जिलों में अगले दो तीन दिनों में रात का तापमान 3-5 डिग्री सेल्सियस लुढ़क सकता है। बढ़ती ठंड के चलते लोगों को अपनी सेहत का विशेष ध्यान देने की सलाह भी दी जा रही है।