पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के अमानगंज थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के बाद एक युवक ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। बांधीकला गांव निवासी 28 वर्षीय रामनाथ चौधरी की मंगलवार को जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष द्वारा अपमानित किए जाने से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया। साथ ही 108 एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंचने का भी आरोप लगाया गया है।

जानकारी के मुताबिक, रामनाथ चौधरी 7 मई को अपनी पत्नी सुमन बाई के साथ अपने साले की शादी में शामिल होने महेवा गांव स्थित ससुराल गया था। बताया जा रहा है कि 11 मई की शाम पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान कहासुनी बढ़ने पर ससुराल पक्ष के लोगों ने भी रामनाथ को कथित रूप से अपमानित किया। मृतक के भाई रवि चौधरी ने आरोप लगाया है कि इसी घटना से आहत होकर रामनाथ वहां से निकल गया।

यह भी पढ़ें:राजगढ़ के पचोर में पेट्रोल पंप पर भीषण आग, 13 लोग झुलसे, फ्यूल टैंकर और 15 बाइक जलकर खाक

परिजनों के अनुसार, ससुराल से जाने के बाद रामनाथ ने बांधा के पास किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर उसने अपने बड़े भाई रमेश चौधरी को फोन कर मदद मांगी। फोन पर उसने कहा कि अगर जिंदा देखना चाहते हो तो तुरंत आ जाओ। सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तब तक उसकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी।

परिवार का कहना है कि घटना की जानकारी देने के बावजूद 108 एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची। मजबूरी में परिजन उसे निजी ई रिक्शा की मदद से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां उपचार के दौरान मंगलवार 12 मई को उसकी मौत हो गई। रामनाथ मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बेटे अंशुल (8) और आकाश (4) को छोड़ गया है। अमानगंज थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें:बंगाल विधानसभा चुनाव 2026: 31 सीटों के नतीजों के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंची TMC, लगाए चुनाव प्रभावित करने के आरोप