छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम पर आए दिन अज्ञात शवों के मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। शुक्रवार को यहां एक अज्ञात व्यक्ति का नग्न अवस्था में शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव की पहचान नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है एक सप्ताह में यहां शव मिलने का यह दूसरा मामला है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक गांव के उसपाल सिंह के खेत के कुंआ के पास आम के पेड़ के नीचे उक्त शव मिला है। मृतक नग्न अवस्था में उल्टा पेट के बल पड़ा हुआ है। मृतक की उम्र लगभाग 30 से 35 साल बताई जा रही है। जिसकी अब तक शिनाख्त/पहचान नहीं हो सकी है। मामले की जानकारी मिलने पर बमीठा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमॉर्टम के लिये भिजवाया। साथ ही शव की पहचान करने के साथ मामले की जांच करने में जुट गई है।

बता दें कि हाल ही में 11 जून को धाम में एक दिल्ली के व्यक्ति का शव मिला था। बागेश्वर धाम में इस तरह शव मिलने की घटनाएं लगातार घट रहीं हैं। बागेश्वर धाम ऐसा स्थान है जहां देश भर से दूरदराज और देश-विदेश से श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं। और इस तरह की घटनाएं से कई गंभीर सवाल खड़े करती हैं।