भोपाल। भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में आयोजित कांग्रेस की किसान महाचौपाल में शामिल होने लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे मंगलवार को भोपाल पहुंचे। यहां राजा भोज एयरपोर्ट पर पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने सूत की माला पहनाकर दोनों नेताओं का स्वागत किया।
कांग्रेस भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर लगातार सवाल उठा रही है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि यह समझौता किसानों के हित में नहीं है और इससे प्रदेश की प्रमुख फसलों जैसे कि सोयाबीन, कपास और सरसों उत्पादक किसानों पर असर पड़ सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अमेरिकी दबाव में फैसले ले रही है, जिसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ सकता है।
जवाहर चौक पर आयोजित किसान महाचौपाल में कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी को हल भेंटकर स्वागत किया गया। यह कांग्रेस पार्टी की ओर से राष्ट्रीय स्तर पर आंदोलन की शुरुआत है। इससे पहले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि अमेरिका के साथ की गई ट्रेड डील में प्रधानमंत्री ने देश को बेच दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस समझौते से देश का डेटा सौंपा गया, किसानों, टेक्सटाइल उद्योग और रोजगार को नुकसान पहुंचाया गया, जो शर्म की बात है।
राहुल गांधी ने यह भी कहा कि अमेरिका में अडानी से जुड़े मामलों को लेकर प्रधानमंत्री चिंतित हैं और 14 महीनों से कोई कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दिल्ली से रवाना होने से पहले कहा कि देश का युवा रोजगार के लिए भटक रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति लोगों में गहरी नाराजगी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प के दबाव में आकर उनकी शर्तें मान लीं, जिससे देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शर्मिंदगी उठानी पड़ी। ऐसे फैसले लिए गए, जो किसानों के हितों के खिलाफ हैं और देश को कमजोर करते हैं। खड़गे ने कहा कि कांग्रेस डरने वाली पार्टी नहीं है।