रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले से ट्रेन यात्रा के दौरान हुई एक दर्दनाक घटना की खबर सामने आई है। कांचीगुड़ा–भगत की कोठी एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 17606) के वॉशरूम में अतिरिक्त जिला न्यायाधीश राजकुमार चौहान की पत्नी उषा चौहान मृत अवस्था में मिली। प्रारंभिक जांच में डॉक्टरों ने आशंका जताई है कि महिला को साइलेंट अटैक आया होगा। घटना के बाद पुलिस ने ट्रेन रुकवाकर वॉशरूम का दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला।

जानकारी के मुताबिक, अतिरिक्त जिला न्यायाधीश राजकुमार चौहान अपनी पत्नी उषा चौहान के साथ जोधपुर से निंबाहेड़ा जा रहे थे। यात्रा के दौरान दोनों अलग-अलग कोच में सफर कर रहे थे। निंबाहेड़ा स्टेशन पहुंचने से कुछ समय पहले उषा चौहान ने अपने पति को फोन कर बताया था कि वह वॉशरूम जा रही हैं।

जब ट्रेन निंबाहेड़ा स्टेशन पहुंची तो राजकुमार चौहान ट्रेन से उतर गए लेकिन उनकी पत्नी कोच से बाहर नहीं आई। काफी देर तक इंतजार करने के बाद भी जब उनका कोई पता नहीं चला तो उन्हें चिंता हुई। इसके बाद उन्होंने तुरंत रेलवे पुलिस को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस ने ट्रेन को मंदसौर में रुकवाया और कोच के वॉशरूम को खोलने की कोशिश की लेकिन दरवाजा नहीं खुल पाया। इसके बाद ट्रेन को रतलाम जिले के जावरा अनुभाग में रोका गया जहां पुलिस ने वॉशरूम का दरवाजा तोड़ा। जिसके बाद पुलिस को भीतर उषा चौहान का शव पड़ा मिला।

पुलिस ने शव को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में संभावना जताई कि महिला को साइलेंट अटैक आया होगा। जिसकी वजह से उनकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। घटना के बाद अतिरिक्त जिला न्यायाधीश राजकुमार चौहान अपनी पत्नी का शव लेकर पैतृक गांव के लिए रवाना हो गए हैं।