रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम में नगर निगम चुनाव के नतीजे आने से पहले स्ट्रॉन्ग रूम में सेंधमारी की खबर सामने आई है। यहां साइंस कॉलेज में बने स्ट्रांग रूम के दरवाजे पर लगी सील टूटी मिली है। कांग्रेस ने यहां मतपेटियों से छेड़छाड़ की आशंका जताई है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक साइंस कॉलेज में बने स्ट्रांग रूम तक जाने वाले रास्ते पर लगे दो दरवाजों की सील टूटी मिली है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को इस बात की भनक लगी तो रतलाम नगर निगम के कांग्रेस महापौर प्रत्याशी मयंक जाट तत्काल अपने समर्थकों के साथ साइंस कॉलेज पहुंचे। 

यह भी पढ़ें: निर्वाचित कांग्रेस प्रत्याशी को प्रमाण पत्र लौटाने की धमकी, दिग्विजय सिंह ने मंत्री सारंग पर लगाए गंभीर आरोप

मामले पर बवाल बढ़ने के बाद रतलाम कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी और प्रेक्षक डॉक्टर अशोक भार्गव साइंस कॉलेज पहुंचे और उन्होंने स्थिति का जायजा लिया। रतलाम से कांग्रेस के मयंक जाट ने इसे संदिग्ध बताते हुए मतपेटियों से गड़बड़ी की आशंका जताई है।

मयंक जाट ने कहा कि सत्ताधारी दल बीजेपी अपनी हार सामने देखकर बौखलाई हुई है। चुनाव को प्रभावित करने के लिए सरकार लगातार सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। इसके पहले यहां टेलीविजन चैनलों पर सेंसरशिप लगाया गया। अनैतिक तरीके से मतदाताओं को खरीदने की कोशिशें हुई। 

इसके बावजूद उन्हें जनता का साथ नहीं मिला। ऐसे में अब वे मतपेटियों और ईवीएम मशीनों के साथ छेड़छाड़ की कोशिशें कर रहे हैं। स्ट्रांग रूम का सील कैसे टूट सकता है। इसमें प्रशासनिक अफसरों के मिलीभगत की आशंका है। प्रशासन जवाब दे कि स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा के लिए क्या उपाय किए गए हैं?