भोपाल। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय में गौशाला निर्माण की मांग तेज हो गई है। भोपाल स्थित विश्वविद्यालय परिसर में गौशाला बनाने की मांग को लेकर छात्रों द्वारा सोमवार को एक दिवसीय उपवास कार्यक्रम आयोजित किया गया। विपक्षी दल कांग्रेस ने भी स्टूडेंट्स के इस मांग का समर्थन किया है। कांग्रेस विधायक आतिफ अकील ने छात्रों के लिए एक गाय डोनेट करने का भी ऐलान किया है।

जानकारी के अनुसार स्टूडेंट्स की मांगों को देखते हुए छात्र संगठन NSUI की ओर से विवि परिसर में उपवास का कार्यक्रम रखा गया था। इस दौरान दोपहर करीब 3 बजे उपवास का नेतृत्व कर रहे NSUI प्रदेश सचिव व छात्र अमन पठान की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इस दौरान मौके पर मौजूद स्टूडेंट्स द्वारा उन्हें तुरंत विश्वविद्यालय स्थित धन्वंतरी चिकित्सालय में चिकित्सकीय परामर्श हेतु ले जाया गया। यहां चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति स्थिर बताई गई।

घटना की जानकारी मिलते ही विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. पी. शशिकला स्वयं मौके पर पहुंचीं और उपवास कर रहे छात्रों से मुलाकात कर उन्हें अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने का आग्रह किया। उन्होंने इस मांग को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन स्तर पर संवेदनशीलता के साथ बातचीत करने और सकारात्मक समाधान का आश्वासन भी दिया।

NSUI के नेतृत्व में आयोजित छात्रों के इस उपवास कार्यक्रम को भोपाल उत्तर विधायक आतिफ अकील का भी समर्थन प्राप्त हुआ। उन्होंने वीडियो कॉल के माध्यम से उपवास पर बैठे स्टूडेंट्स से संवाद कर उनकी मांगों को जायज़ बताते हुए अपनी ओर से एक गाय दान करने की घोषणा की। छात्रों के इस मुहिम को पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा का भी समर्थन प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि गौशाला निर्माण न केवल आस्था का विषय है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण, करुणा और सामाजिक जिम्मेदारी से भी जुड़ा हुआ है।

शर्मा ने कहा कि पत्रकारिता विश्वविद्यालय में स्टूडेंट्स की सेहत के मद्देनजर गौशाला निर्माण कराया जाना आवश्यक है। शर्मा ने आरोप लगाया कि विवि प्रशासन द्वारा मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से प्रेरित होकर "घंटा" बनवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गौ दुग्ध पीकर ही छात्र भविष्य में अच्छे पत्रकार बनेंगे। जबकि परिसर में "घंटा" का निर्माण कर उन्हें चाटुकार बनाने की कोशिशें की जा रही है। उधर, NSUI ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की है कि छात्रों की इस मांग पर शीघ्र निर्णय लेते हुए विश्वविद्यालय परिसर में गौशाला निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ की जाए।