ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से बड़ी खबर सामने आ रही है। जिले के डबरा में नवग्रह पीठ की कलश यात्रा के दौरान भगदड़ मचने से बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई। भगदड़ में छह से ज्यादा लोग घायल हुए हैं, जिनमें ज्यादातर महिलाएं शामिल हैं। सभी को डबरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।
दरअसल, डबरा मे पूर्व मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा द्वारा एक भव्य नवग्रह मंदिर बनवाया गया है। जानकारी के अनुसार विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद ग्रहों की शांति हेतु नरोत्तम मिश्रा ने इस मंदिर का निर्माण कराया है। दावा किया जा रहा है कि यह विश्व का इकलौता मंदिर है, जिसमें सभी नव गृह अपनी-अपनी अर्धांगिनी के साथ अलग अलग मंदिरों में बिराजमान किए गए हैं।
नरोत्तम मिश्रा नवग्रह मंदिर में मंगलवार को प्राण प्रतिष्ठा करा रहे थे, जिसका कार्यक्रम 20 फरवरी तक चलना है। धार्मिक अनुष्ठान में आज पहले दिन कलश यात्रा निकलनी थी और उसके लिए स्टेडियम के नजदीक हजारों की संख्या में महिलाएं मौजूद थीं। स्थानीय लोगों के अनुसार, जब महिलाएं एक मैदान में मौजूद थी और सुबह से गेट बंद था। कलश यात्रा के लिए जब गेट खोला गया तो महिलाएं अचानक भाग पड़ीं।
इस दौरान भगदड़ मच गई, जिससे सैकड़ों महिलाएं जमीन पर गिर गईं और भीड़ उन्हें कुचलते हुए ऊपर से निकलने लगी। इस दौरान वहां मौजूद पुलिसकर्मी और वॉलंटियर्स ने तत्काल सहायता की। एंबुलेंस के जरिए घायल महिलाओं को अस्पताल पहुंचाया गया। भगदड़ की वजह क्या थी, फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया है। सूचना मिलते ही मौके पर एंबुलेंस भी पहुंच गईं और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में 70 वर्षीय महिला रति साहू की मौत हो गई है। जबकि एक बच्ची समेत 6 महिलाएं घायल हो गईं। गंभीर रूप से घायलों को ग्वालियर रेफर किया गया है। परिजनों ने पुलिस और अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। घटना के बाद परिजन शव को लेकर डबरा पुलिस थाने पहुंचे। इस दौरान पूर्व गृहमंत्री और कार्यक्रम के आयोजक डॉ. नरोत्तम मिश्रा भी पीड़ित परिवार के बीच पहुंचे और उन्हें सांत्वना दी।
मृतक रति साहू की बहू रीना साहू ने आरोप लगाया कि हादसा पुलिस की लापरवाही के कारण हुई है। पुलिसकर्मी ने गेट खोलकर अचानक बंद कर दिया, जिससे महिलाएं दब गईं। रीना साहू ने यह भी बताया कि डबरा सिविल अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर्स ने इलाज नहीं किया। रीना साहू ने बताया कि मेरी सास को समय पर ऑक्सीजन नहीं मिल पाई। वह आधे घंटे तक अस्पताल में तड़पती रहीं और उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद डबरा पहुंचे डीआईजी अमित सांघी ने बताया कि कलश यात्रा के दौरान भगदड़ में 65 वर्षीय महिला की जान गई है। मामले में मर्ग कायम किया गया है। हमारी टीम मौके पर मौजूद है। घायलों की मदद की जा रही है। भगदड़ मचने को लेकर जांच जारी है।