भोपाल। राजा भोज एयरपोर्ट पर इंडिगो की फ्लाइट 6E-983 मुंबई से भोपाल पहुंची थी। देर रात इसे वापस मुंबई के लिए रवाना होना था। इसी बीच प्लेन के इंजन में तकनीकि गड़बड़ पाई गई। जिसके बाद फ्लाइट टेकऑफ नहीं कर सकी। एयरलाइन कंपनी ने पहले फ्लाइट को होल्ड रखा जिससे यात्री टेकऑफ का इंतजार करते रहे। घंटों इंतजार कराने के बाद कंपनी ने फ्लाइट कैंसिल कर दी। 

इस फ्लाइट से करीब 76 यात्री मुंबई जाने वाले थे लेकिन फ्लाइट कैंसिल हो गई।यात्रियों को जैसे ही फ्लाइट कैंसिल होने की खबर मिली तो वे नाराज हो गए और उन्होंने कंपनी और एयर पोर्ट मैनेजमेंट से अपनी आपत्ति दर्ज कराई। इस बीच कुछ देर तक एयरपोर्ट पर जमकर हंगामा भी हुआ।

अधिकारियों का कहना है कि फ्लाइट की लैंडिंग तो हो गई थी, लेकिन टेकऑफ के दौरान कुछ खराबी आ गई थी। जिसके बाद कई यात्रियों ने टिकट कैंसिल करा लिए थे। बाकी यात्रियों को सुबह दूसरी फ्लाइट से मुंबई के लिए रवाना किया है। कुछ यात्रियों को रात में भी दूसरी फ्लाइट से मुंबई के लिए रवाना किया गया था। 

वहीं यात्रियों का कहना है कि कंपनी ने कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की पैसेंजर्स ने एयरपोर्ट पर ही रात गुजारी उन्हें ठहरने के लिए होटल की व्यवस्था भी नहीं की गई। पहले एयरलाइन कंपनी ने लंबे समय तक इंतजार कराया और फिर अचानक से फ्लाइट कैंसिल कर दी।