भोपाल। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से हिमालयी क्षेत्र में इस सीजन की अब तक की सबसे अधिक बर्फबारी दर्ज की गई है। इसका सीधा असर मैदानी इलाकों और मध्य प्रदेश के मौसम पर भी पड़ा है। उत्तर-पश्चिम से आ रही सर्द हवाओं के कारण इंदौर सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है। जिससे शनिवार को पहली बार दिन के समय भी ठिठुरन महसूस हुई। वहीं, रविवार सुबह भी मौसम का हाल कुछ ऐसा ही रहा। राजधानी भोपाल में रविवार सुबह सूरज नहीं निकला।

पिछले 24 घंटे में इंदौर, भोपाल, रतलाम, उज्जैन और धार जैसे शहरों में दिन के तापमान में चार से छह डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। इंदौर में उत्तर-पश्चिमी हवाएं तेज रफ्तार से चली जिसके चलते अधिकतम तापमान चार डिग्री गिरकर 22 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से करीब दो डिग्री अधिक रहा।

शाम होते ही ठंड का असर और बढ़ गया। इंदौर में शाम चार बजे के बाद सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी। जिसके चलते लोग घरों से गर्म कपड़े पहनकर बाहर निकलते नजर आए। कई इलाकों में शाम छह बजे के बाद ही अलाव जलते दिखाई देने लगे थे।

मौसम के पैटर्न में आए इस बदलाव से ठंड का स्वरूप भी बदल गया है। अब तक स्थिति यह थी कि दिन में हल्की राहत रहती थी और सुबह-शाम व रात में ज्यादा ठंड महसूस होती थी लेकिन अब दिन के समय भी ठंड बनी रहने लगी है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आगामी सप्ताह में बादलों की आवाजाही जारी रहने की संभावना है जिससे तेज धूप नहीं निकलेगी। इसके चलते दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन से चार डिग्री कम बना रहेगा। जबकि, रात का तापमान सामान्य के आसपास ही रहने की उम्मीद है।

भोपाल स्थित मौसम केंद्र के मौसम विज्ञानी एच.एस. पांडे के मुताबिक, उत्तर भारत के ऊपर एक लो प्रेसर एरिया बना हुआ है। इस क्षेत्र की वजह से अरब सागर से दक्षिण-पश्चिमी हवाएं उत्तर भारत की ओर बढ़ रही हैं। इसी कारण इंदौर सहित मध्य प्रदेश में ऊपरी स्तर पर दक्षिण-पश्चिमी हवाएं सक्रिय हैं। जबकि, निचले स्तर पर उत्तरी हवाएं बह रही हैं। इन दोनों हवाओं के मेल से प्रदेश में बादल छाए हुए हैं।

वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से हिमालयी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी हुई है। जबकि, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मैदानी इलाकों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई है। इन क्षेत्रों से आ रही ठंडी और तेज हवाओं के कारण मध्य प्रदेश में दिन के समय भी ठंड का असर साफ तौर पर महसूस किया जा रहा है।