छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में किडनी फेल होने से तीन बच्चों को जान गंवानी पड़ी। इस घटना से इलाके में कोहराम मच गया है। वहीं 9 अन्य बच्चों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है। जिला प्रशासन ने घटना की गंभीरता दो देखते हुए इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) की टीम को जांच के लिए बुलाया है।

यह घटना परासिया विकासखंड की है। बच्चों के परिजनों ने कहा कि शुरूआत में बच्चों को हल्का बुखार और जुकाम के लक्षण दिखें। उन्हें निजी अस्पताल में तुरंत भर्ती करवाया गया। यहां पेशाब की मात्रा में कमी और किडनी में इंफेक्शन की बात सामने आई। जिसके बाद परिजनों ने उन्हें नागपुर रेफर किया। जहा तीन बच्चों की मौत हो गई। 

यह भी पढ़ें: श्योपुर में खाद संकट से परेशान किसानों का प्रदर्शन, ढाई घंटे बाधित रहा शिवपुरी-श्योपुर-मुरैना हाईवे

मृतक बच्चों में 5 साल आठ महीने के अदनान खान, 4 साल के हितांश सोनी और 2 वर्षीय श्रेया यादव शामिल है। भोपाल से गहन जांच के लिए 2 सदस्यीय टीम परासिया पहुंची है। जो तीन दिन तक इलाके में रहते हुए जरूरी जांच कर रही है। अधिकारियों ने सोमवार को परासिया, न्यूटन चिकली सहित दूसरे गांवो में पहुंचकर जानकारी जुटाने की कोशिश की।


अदनान की मां आफरीन परवीन ने जानकारी दी कि इससे पहले मेरे बेटे को कभी इतना बुखार नहीं आया। इस बार जब उसे बुखार आया तो उसे डॉक्टर के पास ले गए, दवा खाने के बाद वह स्वस्थ हो गया। लेकिन कुछ दिन बाद उसकी पेशाब अचानक बंद हो गई। जिसके बाद हम उसे नागपुर ले गए। लेकिन वहां उसकी जान चली गई। 


शाम को कलेक्टर शीलेंद्र सिंह ने अधिकारियों के साथ मीटिंग बुलाई है। वहीं मृतकों के परिजनों से पूछताछ की जा रही है। बता दें अदनान ने 11 सितंबर, वहीं हितांश सोनी ने 14 सितंबर को नागपुर के अस्पताल में दम तोड़ा था। जबकि श्रेया की मौत 16 सितंबर के दिन हुई थी।