इंदौर। मध्य प्रदेश में कांग्रेस आज बड़ा आंदोलन करने जा रही है। पार्टी राज्य से गुजरने वाले आगरा-मुंबई NH 52 पर चक्काजाम करेगी। यह चक्काजाम नेशनल हाईवे के 7 अलग-अलग स्थानों पर किया जाएगा। इसके लिए एमपी कांग्रेस ने स्थान तय कर लिए हैं। इसकी शुरुआत इंदौर से होगी।

इंदौर के पिगडंबर पर जीतू पटवारी, हरीश चौधरी की मौजूदगी में चक्का जाम किया जाएगा। कांग्रेस ने प्रदर्शन की पूरी तैयारी कर ली है। राज्य में सात स्थानों पर कांग्रेस का प्रदर्शन तय है। इसमें मुरैना, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, शाजापुर, इंदौर और खलघाट शामिल है। गुना में राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे। जबकि धार के खलघाट में नेता विपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में चक्काजाम किया जाएगा।

कांग्रेस का यह आंदोलन किसानों की फसल खरीदी, मुआवजा, मंडी व्यवस्था और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को लेकर सरकार पर दबाव बनाने की कोशिश माना जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मोहन सरकार पर किसानों के साथ अत्याचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 43 डिग्री की भीषण गर्मी में किसान अपनी गेहूं की फसल लेकर सड़कों के किनारे खड़े रहने को मजबूर हैं, क्योंकि सरकार के पास न तो खरीदी की सही नीति है और न ही सही नीयत।

पटवारी ने ऐलान किया कि मोहन सरकार के खिलाफ हम मुंबई–आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम करेंगे। उन्होंने कहा कि हम किसान के बेटे हैं, न जेल से डरेंगे और न ही पीछे हटेंगे। कांग्रेस का आरोप है कि प्रदेश के लगभग हर खरीदी केंद्र पर गड़बड़ियां हैं। टोल कांटों की कमी, अव्यवस्थित मंडियां और भ्रष्टाचार के चलते किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पार्टी का कहना है कि आज प्रदेश का किसान खून के आंसू रो रहा है।