धार। सावन के चौथे और अंतिम सोमवार को नर्मदा जल लेने जा रहे कांवड़ यात्रियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली धार जिले के कुक्षी थाना क्षेत्र में हादसे का शिकार हो गई। ग्राम कड़माल से करीब एक किलोमीटर दूर नए पुल पर ट्रैक्टर का स्टीयरिंग फेल होने के बाद वाहन अनियंत्रित होकर पुल से नीचे जा गिरा। हादसे के वक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 30 श्रद्धालु सवार थे। दुर्घटना में लगभग 20 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 6 से 7 की हालत गंभीर बताई जा रही है। दो गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए इंदौर रेफर किया गया है।

हादसा निसरपुर चौकी क्षेत्र में हुआ था। श्रद्धालु पुराने चिखलदा की ओर नर्मदा जल लेने के लिए कांवड़ यात्रा पर निकले थे। बताया जा रहा है कि कड़माल के पास बने पुल पर पहुंचते ही ट्रैक्टर का स्टीयरिंग जवाब दे गया। चालक ने वाहन को संभालने की कोशिश की थी लेकिन नियंत्रण नहीं हो सका और ट्रैक्टर-ट्रॉली पुल से नीचे जा गिरी।

यह भी पढ़ें:MP में अगले 3 दिन मानसून का स्ट्रांग सिस्टम, प्रदेश के 22 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

वाहन के गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई थी। घटना की सूचना मिलने पर कुक्षी पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से ट्रॉली में फंसे और घायल श्रद्धालुओं को बाहर निकाला गया। प्राथमिक उपचार के बाद करीब 20 घायलों को बड़वानी जिला अस्पताल भेजा गया।

बड़वानी जिला अस्पताल के डॉक्टर एसएन पाटीदार ने बताया कि धार से 18 से 20 मरीज अस्पताल लाए गए हैं। इनमें 6 से 7 मरीजों की स्थिति गंभीर है। घायलों में किसी के सिर, किसी की कमर, हाथ और पेट में चोट आई है। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को आगे के इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है।

प्रत्यक्षदर्शी मनोहर पाटीदार ने बताया कि श्रद्धालु गांव के राम मंदिर से कांवड़ यात्रा के लिए निकले थे। ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 30 से 35 महिला और पुरुष सवार थे। उनके अनुसार, ये लोग पिछले चार साल से लगातार नर्मदा जल लेने के लिए कांवड़ यात्रा पर जा रहे हैं। हादसे में चार लोगों को अपेक्षाकृत ज्यादा चोटें आई हैं जबकि दो की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें इंदौर भेजा गया है।

यह भी पढ़ें:अमरावती के शासकीय महिला अस्पताल के NICU में भीषण आग, 3 नवजातों की मौत

मनोहर पाटीदार के मुताबिक, कड़माल के नए पुल पर पहुंचते ही ट्रैक्टर का स्टीयरिंग फेल हुआ और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली पुल से नीचे उतर गई। घायलों में किसी के सिर तो किसी के हाथ और कमर में चोटें आई हैं। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर स्टीयरिंग फेल होने की बात सामने आई है।