सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रम स्थल पर दर्दनाक हादसा हो गया। दरअसल सीएम के कार्यक्रम स्थल के बाहर खड़े ट्रक में एक बोलेरो घुस गई। हादसे में मायापुर भाजपा मंडल अध्यक्ष शिवकुमारी जायसवाल के परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई साथ ही 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
घायलों को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां से रीवा के संजय गांधी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घटना सीधी-सिंगरौली नेशनल हाईवे पर गुरुवार रात 7:30 बजे की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को सीधी जिले के बहरी तहसील में सोन नदी पर बने पुल का उद्घाटन करने वाले हैं। यह पुल सिंगरौली से बहरी होते हुए उत्तरप्रदेश को कनेक्ट करता है।
यह भी पढ़ें: 90 डिग्री टर्न वाले ब्रिज के लिए ठेकेदार दोषी नहीं, हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से मांगी रिपोर्ट
सड़क हादसे पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने दुख जताया है। उन्होंने अपना शुक्रवार को प्रस्तावित सीधी का दौरा रद्द किया है। सीएम ने सोशल मीडिया पर लिखा, सीधी में हुई सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मृत्यु अत्यंत दुखद है। दुर्घटना में घायलों को उपचार और प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए प्रशासन को निर्देशित किया गया है। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
जानकारी के मुताबिक, बोलेरो वाहन जेठू गांव निवासी जगदीश जायसवाल के नाम से रजिस्टर्ड है। जगदीश जायसवाल ने बताया कि उनके बेटे प्रिंस जायसवाल कार लेकर घर से निकला था। वाहन में कुल 6 लोग हो गए। हादसे में धर्मेंद्र पिता चूड़ामणि जायसवाल (24) और गीता उर्फ आदित्य पिता रघुनाथ (55) की मौत हो गई। वहीं एक मृतक की पहचान नहीं हुई है। डीएसपी अमन मिश्रा ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई।