उमरिया। मध्य प्रदेश के उमरिया से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां मंगलवार को आदिवासी समुदाय के लोगों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प हो गई। बताया जा रहा है कि झड़प में एएसपी प्रतिपाल सिंह महोबिया, एएसआई सत्यदेव यादव समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक उमरिया में मंगलवार को गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के कार्यकर्ता और आदिवासी समुदाय के लोग भाजपा मंत्री मीना सिंह की भ्रष्टाचार की जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान हजारों कार्यकर्ता रानी दुर्गावती चौराहे पर धरने पर बैठ गए। जिससे वहां जाम के हालात बन गए। पुलिस अधिकारी उन्हें समझाने पहुंचे थे। इसी दौरान विवाद हो गया और देखते ही देखते प्रदर्शनकारी उग्र हो गए।

प्रदर्शनकारियों ने मानपुर विधानसभा क्षेत्र में सरकारी कार्यों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। इसकी जांच को लेकर पार्टी कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे थे। पार्टी के राधेश्याम काकोडिया ने प्रदर्शन से पहले पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि मंत्री और विधायक मीना सिंह ने बस्ती विकास मद में करोड़ों का भ्रष्टाचार किया है।

मामले में राधेश्याम ककोडिया का कहना है कि पुलिस निवेदन के भाव से नहीं आई थी, संभवतः यही कारण है कि कुछ लोग नाराज हो गए होंगे। एसपी निवेदिता नायडू का कहना है कि पुलिस व्यवस्था बनाने के लिए गई थी और इस दौरान पुलिस कर्मियों पर हमला किया गया है।