गाजियाबाद। गाजियाबाद के इंदिरापुरम क्षेत्र में बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे एक 15 मंजिला अपार्टमेंट में भीषण आग लग गई। गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी के टावर-डी की 9वीं मंजिल से शुरू हुई आग तेजी से फैलते हुए करीब 7 फ्लोर तक पहुंच गई। घटना के दौरान उठता धुआं करीब 5 किलोमीटर दूर से देखा गया था।
आग लगते ही बिल्डिंग में रहने वाले लोगों ने किसी तरह अपनी जान बचाई और सीढ़ियों के जरिए नीचे उतरकर बाहर निकले। इस दौरान कई परिवारों ने अपने घरों को जलते हुए देखा। जिससे महिलाओं में दहशत और रोने की स्थिति बन गई। धुएं के कारण कुछ लोगों को सांस लेने में तकलीफ भी हुई थी। जिन्हें तत्काल अस्पताल भेजा गया।
यह भी पढ़ें:भोपाल में आज अतिथि शिक्षकों का बड़ा प्रदर्शन, सरकार से स्थायी रोजगार की मांग
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 12 से 14 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने के लिए हाइड्रोलिक क्रेन का सहारा लिया गया। वहीं, पास की इमारतों के लोगों ने भी पाइप के जरिए आग बुझाने में मदद की। एहतियात के तौर पर पूरी बिल्डिंग और आसपास के क्षेत्रों को खाली करा लिया गया और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया।
करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल के मुताबिक, सूचना सुबह 8:50 बजे मिली थी जब तक आग 7 से 8 मंजिलों तक फैल चुकी थी। उन्होंने बताया कि कुछ लोग अंदर फंसे हुए थे। उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया। जबकि, ऑक्सीजन सपोर्ट पर रह रहे एक बुजुर्ग को स्ट्रेचर के जरिए रेस्क्यू किया गया।
यह भी पढ़ें:MP: कान्हा में 150 साल बाद लौटे जंगली भैंसें, असम से लाए गए 4 भैंसों को छोड़ा गया
रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्य अजय शर्मा ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही उन्होंने फायर फाइटिंग सिस्टम का ग्लास तोड़कर पाइप के जरिए आग बुझाने का प्रयास किया। उनके मुताबिक, इस प्रयास से नुकसान कुछ हद तक कम हुआ। आग की चपेट में 4 से 6 फ्लैट आए और तीन परिवार अंदर फंसे थे। हालांकि, सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।