नालंदा। बिहार के नालंदा जिले में मंगलवार सुबह आस्था का बड़ा जमावड़ा अचानक मातम में बदल गया। बिहारशरीफ के पास मघड़ा गांव स्थित माता शीतला मंदिर में शीतला अष्टमी के मौके पर भारी भीड़ के बीच भगदड़ मच गई। इस भगदड़ में 8 महिलाओं की जान चली गई। जबकि, 6 से ज्यादा लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत बिहारशरीफ स्थित मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद प्रशासन ने मंदिर और मेला दोनों को बंद करवा दिया है।

मंगलवार को चैत्र महीने का आखिरी मंगलवार होने के कारण मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। शीतला अष्टमी पर विशेष पूजा होने और ठंडे भोजन का भोग चढ़ाने की परंपरा के चलते दूर-दूर से लोग यहां पहुंचे थे। मंदिर का गर्भगृह छोटा होने और भीड़ प्रबंधन की कमी के कारण स्थिति बिगड़ती चली गई।

यह भी पढ़ें:दतिया में BJP पार्षद की दिनदहाड़े हत्या, मॉर्निंग वॉक के दौरान अज्ञात हमलावरों ने मारी गोली

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, श्रद्धालु जल्दी दर्शन करने के लिए एक दूसरे से आगे निकलने की कोशिश कर रहे थे। लाइन में लगने की बजाय लोग धक्का मुक्की कर रहे थे। इसी बीच एक महिला को चक्कर आया और वह गिर पड़ी। उसे उठाने की कोशिश में अफरा तफरी मच गई और देखते ही देखते भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कई महिलाएं और बच्चे नीचे गिरकर भीड़ में दब गए।

घटना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की भी भारी कमी सामने आई। श्रद्धालुओं का कहना है कि मंदिर के अंदर न तो पर्याप्त पुलिस बल तैनात था और न ही भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कोई ठोस इंतजाम। भीड़ को अलग अलग लाइनों में बांटने या डायवर्ट करने की कोई व्यवस्था नहीं थी। जिसकी वजह से हालात और बिगड़ गए।

यह भी पढ़ें:इटली में हुई अजीबोगरीब चोरी, 12 टन चॉकलेट से लदा ट्रक लेकर फरार हुए चोर

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि हादसे के बाद राहत कार्य भी धीमा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कई महिलाएं जमीन पर बेहोश पड़ी थीं और दर्द से कराह रही थी लेकिन एंबुलेंस करीब 40 मिनट बाद मौके पर पहुंची। वहीं, शुरुआत में सिर्फ 2-3 पुलिसकर्मी ही वहां पहुंचे थे और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को संभाला गया था। मृतकों में अब तक दो महिलाओं की पहचान हो सकी है। इनमें नालंदा निवासी 50 वर्षीय रीता देवी और 45 वर्षीय रेखा देवी शामिल हैं। बाकी की पहचान की प्रक्रिया जारी है। 

इस घटना पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को कुल 6 लाख रुपये (4 लाख आपदा प्रबंधन विभाग से और 2 लाख मुख्यमंत्री राहत कोष से) मुआवजा देने का ऐलान किया है। साथ ही मुख्य सचिव को पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं। पटना से कमिश्नर को बिहारशरीफ भेजा गया है ताकि स्थिति की निगरानी की जा सके।

यह भी पढ़ें:MP में फिर बदला मौसम का मिजाज, खरगोन में गिरे ओले, भोपाल समेत कई जिलों में बारिश

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने भी इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। गौरतलब है कि इसी दिन नालंदा जिले में द्रौपदी मुर्मू का दौरा भी प्रस्तावित था। फिलहाल, पुलिस और प्रशासन स्थिति को सामान्य करने में जुटे हैं।