कोलकाता। पश्चिम बंगाल में TMC के नेताओं पर हमले की घटनाएं थमती नजर नहीं आ रही है। शनिवार को टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी पर हमला हुआ था। अब टीएमसी के एक दूसरे सांसद कल्याण बनर्जी पर हमले की घटना सामने आई है। हुगली में टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा है। उन्हें देखकर लोगों ने चोर-चोर के नारे भी लगाए। जो तस्वीरें और वीडियो सामने आई है कि उसमें कल्याण बनर्जी सिर पकड़ कर सड़क पर गिरे भी नजर आ रहे हैं।

इस घटना के बारे में कल्याण बनर्जी ने कहा कि मैं इस इलाके में अकेले सफर कर रहा था। BJP के लोगों ने मुझ पर क्रिकेट की गेंद फेंकी। खून बह रहा है। मेरी बोलने की सारी हिम्मत खत्म हो गई है। बंगाल के लोग बताएंगे कि सांसदों पर हमले क्यों हो रहे हैं? लोगों में कोई गुस्सा नहीं है... ये सब BJP के लोग कर रहे हैं।

हालांकि बीजेपी ने कहा है कि वो बस ड्रामा कर रहे हैं। घटना के बाद कल्याण बनर्जी सड़क पर धरना दे रहे हैं। उनके समर्थक प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी शनिवार को अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले और गिरफ्तार टीएमसी नेता, कार्यकर्ताओं की रिहाई की मांग को लेकर चंडीतला थाना ज्ञापन देने पहुंचे थे। इसी दौरान तृणमूल और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नारेबाजी शुरू हो गई।

बताया जा रहा है कि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने तृणमूल समर्थकों के खिलाफ "चोर-चोर" के नारे लगाए, जिसके बाद माहौल और गर्म हो गया। आरोप है कि इसी दौरान स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई और सांसद के साथ धक्का-मुक्की तथा मारपीट की गई।किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल और केंद्रीय सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।

बता दें कि इससे पहले शनिवार को टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी पर कायराना हमला हुआ था। अभिषेक बनर्जी को दक्षिण सोनारपुर में हमला हुआ था, जहां वे चुनाव बाद हिंसा के पीड़ित कार्यकर्ताओं से मिलने गए थे। भीड़ ने अभिषेक पर हमला किया और अंडे भी फेंके। हाथापाई के दौरान अभिषेक की शर्ट भी फाड़ दी। भीड़ के हमले से बचने के लिए अभिषेक बनर्जी हेलमेट पहनकर निकले।