नई दिल्ली। शराब नीति केस में गिरफ्तार हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को बड़ी राहत मिली है। गुरुवार देर शाम केजरीवाल को राउज एवेन्यू कोर्ट से जमानत मिल गई है। आम आदमी पार्टी ने इस सत्य की जीत करार दिया है। AAP ने लिखा कि सत्य परेशान हो सकता है, पराजित नहीं।

ED की ओर से पेश हुए एडिशनल सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू ने कहा था कि ED ने हवा में जांच नहीं की है। केजरीवाल के खिलाफ पुख्ता सबूत हैं। उन्हें बेल नहीं मिलनी चाहिए। वहीं, केजरीवाल की ओर से पेश हुए वकील विक्रम चौधरी ने दलील दी थी कि केजरीवाल के खिलाफ पूरा केस सिर्फ कल्पना पर आधारित है। दोनों ओर की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने 1 लाख रुपए के बॉन्ड पर केजरीवाल को जमानत दी।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को 21 मार्च 2024 को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद 10 मई को लोकसभा चुनाव में प्रचार करने के लिए अंतरिम जमानत दी गई थी। अब गिरफ्तारी के 91 दिन बाद केजरीवाल को राउज एवेन्यू ने जमानत दे दी है।