पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत के बाद एनडीए की नई सरकार का गठन आज हो रहा है। बुधवार को नीतीश कुमार को एनडीए का नेता चुना गया। आज गुरुवार को गांधी मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, आंध्रप्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी गांधी मैदान पहुंचे। इसके अलावा हरियाणा, असम, गुजरात, मेघालय, नगालैंड, ओडिशा, दिल्ली और राजस्थान के मुख्यमंत्री भी शपथ में शामिल हुए।

डिप्टी सीएम के रूप में सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने शपथ ली। कुल 26 विधायक मंत्री पद की शपथ ले रहे हैं। नीतीश कैबिनेट में इस बार नए चेहरों को मौका दिया गया है। रामकृपाल यादव, श्रेयसी सिंह को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। चिराग की पार्टी से 2 विधायकों को मंत्री बनाया गया है। इसमें संजय सिंह भी शामिल हैं। संजय सिंह महुआ से चुनाव जीते हैं। उन्होंने लालू यादव के बेटे तेजप्रताप को मात दी थी।

इन नेताओं ने ली शपथ

पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, विजय चौधरी, विजेंद्र प्रसाद यादव, श्रवण कुमार, मंगल पांडेय, डॉ दिलीप जायसवाल, अशोक चौधरी, लेशी सिंह, मदन सहनी, नितिन नवीन, रामकृपाल यादव, संतोष सुमन, सुनील कुमार, जमा खान, संजय सिंह टाइगर, अरुण शंकर प्रसाद, सुरेंद्र मेहता, नारायण प्रसाद, रमा निषाद, लखेंद्र कुमार रोशन, श्रेयसी सिंह, प्रमोद कुमार, संजय कुमार सिंह, दीपक प्रकाश ने मंत्री पद की शपथ ली।