भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग के एक चर्चित मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए जयश्री गायत्री फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर किशन मोदी को गिरफ्तार किया है। PMLA के तहत हुई इस कार्रवाई के बाद विशेष अदालत ने उन्हें 18 मार्च तक ईडी की रिमांड पर भेज दिया है ताकि मामले की आगे गहन जांच की जा सके।
यह पूरा मामला आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) की ओर से दर्ज एफआईआर के आधार पर सामने आया। जानकारी के अनुसार, हबीबगंज थाने में 29 अगस्त 2023 को पहली शिकायत दर्ज हुई थी। जिसके बाद 22 जुलाई 2024 को EOW ने एक और प्रकरण दर्ज किया था। इन्हीं मामलों को आधार बनाकर ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की और कार्रवाई को आगे बढ़ाया।
जांच में सामने आया कि किशन मोदी की कंपनी Milk Magic ब्रांड के नाम से डेयरी उत्पाद बेच रही थी लेकिन इन उत्पादों में बड़े पैमाने पर मिलावट की जा रही थी। आरोप है कि घी में पशु चर्बी, पाम ऑयल और अन्य हानिकारक पदार्थ मिलाकर नकली उत्पाद तैयार किए जाते थे। ये उत्पाद केवल देश में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी सप्लाई किए जा रहे थे।
ईडी की जांच में एक और गंभीर खुलासा हुआ है। निर्यात प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए कंपनी द्वारा फर्जी लैब रिपोर्ट तैयार करवाई गई थी। जब इन रिपोर्ट्स का सत्यापन किया गया तो कई दस्तावेज संबंधित लैब्स द्वारा जारी ही नहीं पाए गए। इन नकली प्रमाणपत्रों के आधार पर कंपनी ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में उत्पाद भेजे और करीब 20.59 करोड़ रुपये की कमाई की जिसे ईडी ने अपराध से अर्जित संपत्ति माना है।
गौरतलब है कि पिछले साल भी ईडी ने कंपनी से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी की थी जहां से महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए थे। फिलहाल एजेंसी इस पूरे नेटवर्क, संबंधित कंपनियों, बैंक खातों और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां या बड़ी कार्रवाई हो सकती है।