अयोध्या। कांग्रेस के कद्दावर नेता व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह रामनवमी के अवसर पर रामनगरी अयोध्या पहुंचे। उन्होंने राम जन्मभूमि में रामलला के दर्शन-पूजन किए। साथ ही हनुमानगढ़ी में भी माथा टेका। सिंह ने कहा कि उनका सौभाग्य है जो रामनवमी पर उन्हें रामलला के दर्शन का अवसर मिला। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
दिग्विजय सिंह सुबह 8 बजे दिल्ली से रवाना होकर 9:40 बजे अयोध्या पहुंचे। यहां महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। सिंह यहां से सबसे पहले प्राचीन हनुमानगढ़ी मंदिर पहुंचे और बजरंगबली की पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे राम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन करने पहुंचे। इसके बाद वे कनक भवन भी पहुंचे। साथ ही अयोध्या के विभिन्न संतों के पास पहुंचकर उनका भी आशीर्वाद लिया।
रामलला के दर्शन के बाद दिग्विजय सिंह ने कहा कि जब प्रभु का बुलावा आता है तो हर व्यक्ति आ जाता है इसलिए जब मुझे बुलावा आया, तो मैं उपस्थित हो गया। प्रभु के दर्शन करके अच्छा लगा। कांग्रेस में हर व्यक्ति अपनी आस्था अनुसार धर्म का पालन करता है। हम धर्म का दुरुपयोग ना तो व्यवसाय के लिए करते हैं और ना राजनीति के लिए करते हैं। प्रभु श्रीराम से हम देश में शांति और समृद्धि की कामना करते हैं।
दिग्विजय सिंह ने आगे कहा कि रामलला के दर्शन कर बहुत अच्छा लगा। उन्होंने प्रभु राम से कामना की कि पूरे देश में खुशहाली फैले, तरक्की हो और सभी लोगों के बीच सद्भाव बना रहे। सिंह ने कहा कि भगवान राम सबके इष्ट हैं और उनकी जन्मभूमि की सर्वमान्यता है। उन्होंने राम मंदिर आंदोलन और निर्माण को लेकर कहा कि हर व्यक्ति अपनी-अपनी आस्था के अनुसार प्रभु राम की पूजा करता है। सिंह ने यह भी बताया कि उनका निवास राघौगढ़ भी राघव जी के मंदिर के नाम पर है, जो उनकी व्यक्तिगत आस्था को दर्शाता है।
दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के शीघ्र स्वस्थ होने की भी प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि प्रभु से प्रार्थना है कि सोनिया गांधी हमेशा स्वस्थ रहें और पार्टी का मार्गदर्शन करती रहें। सिंह ने अमेरिका-ईरान तनाव, पेट्रोल-डीजल के संकट व अन्य मुद्दों पर टिप्पणी से इनकार किया। उन्होंने कहा कि आज मैं धार्मिक यात्रा पर हूं, आज राजनीति की कोई बात नहीं। बता दें कि व्यक्तिगत जीवन में भी वे धार्मिक गतिविधियों में काफी सक्रिय रहते हैं। उन्होंने राम मंदिर ट्रस्ट को "एक लाख ग्यारह हजार एक सौ ग्यारह" रुपए चंदा भी दिया था।