आबादी के आधार पर देश के सबसे बड़े सूबे उत्तर प्रदेश के आगामी 2022 विधानसभा चुनाव में प्रियंका गांधी कांग्रेस का चेहरा होंगी और पार्टी किसी और दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी। यह जानकारी उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रमुख अजय कुमार लल्लू ने दी है। कांग्रेस ने सूबे में पिछला विधानसभा चुनाव राहुल गांधी के नेतृत्व में लड़ा था और तब पार्टी ने समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन किया था। चुनाव प्रचार में राहुल गांधी और अखिलेश यादव की जोड़ी को ‘यूपी के लड़के’ के बैनर तले प्रचारित किया गया था।

अजय कुमार लल्लू न्यूज एजेंसी पीटीआई को दिए एक इंटरव्यू में साफ करते हुए कहा, “कांग्रेस किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन नहीं करेगी। पार्टी का गठजोड़ जनता, लोकतंत्र, युवाओं, किसानों, गरीबों, दलितों, शोषितों और वंचितों के साथ होगा।”

कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी लगातार उत्तर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर हमलावर हैं। चाहे वो सीएए-एनआरी प्रदर्शनकारियों का मुद्दा रहा हो या फिर लॉकडाउन के दौरान प्रवासी मजदूरों का मुद्दा, प्रियंका जमीन पर सरकार को घेरती हुई नजर आई हैं। ऐसे में अजय कुमार लल्लू को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी यूपी विधानसभा चुनाव में अच्छा प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी और पूरे गांधी परिवार को यूपी की जनता से लगाव है और इस बार यूपी की जनता कांग्रेस पार्टी को आशीर्वाद देगी।

बीजेपी नेता प्रियंका गांधी को ट्विटर वाली नेता कहकर संबोधित करते हैं। इसपर लल्लू ने कहा कि यूपी सरकार प्रियंका गांधी से डरती है। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी सड़कों पर आईं और राज्य सरकार द्वार हिरासत में लिए जाने पर भी सोनभद्र के आदिवासियों के लिए लड़ाई लड़ी।