देशभर में बढ़ती महंगाई के बीच आम लोगों को एक और बड़ा झटका लगा है। देश की प्रमुख डेयरी कंपनी अमूल और मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें 14 मई 2026 से लागू हो गई हैं। कंपनियों ने अलग-अलग दूध वैरिएंट्स पर 1 से 2 रुपये प्रति लीटर तक कीमत बढ़ाई है। इसका असर दिल्ली एनसीआर, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई समेत कई बड़े शहरों के उपभोक्ताओं पर पड़ेगा।
कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे कंपनियों ने दूध खरीद लागत, पशु चारे की महंगाई, ट्रांसपोर्टेशन और उत्पादन खर्च बढ़ने को वजह बताया है। कंपनियों का कहना है कि किसानों को बेहतर भुगतान देने और सप्लाई चेन की लागत संभालने के लिए दाम बढ़ाना जरूरी हो गया था। मदर डेयरी के मुताबिक, उसकी कुल कमाई का करीब 75 से 80 प्रतिशत हिस्सा किसानों से दूध खरीद पर खर्च होता है।
यह भी पढ़ें:देशभर में मौसम का डबल अटैक, UP में आंधी तूफान से 94 मौतें, राजस्थान और MP में हीटवेव का कहर
दिल्ली और नोएडा में अब अमूल और मदर डेयरी का फुल क्रीम दूध 72 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। टोंड दूध की कीमत 60 रुपये प्रति लीटर हो गई है। जबकि, काउ मिल्क 62 रुपये प्रति लीटर और डबल टोंड दूध 54 रुपये प्रति लीटर के भाव पर उपलब्ध होगा। मुंबई में अमूल गोल्ड की कीमत 70 रुपये से बढ़कर 72 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं, अमूल ताजा अब 60 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। मदर डेयरी का फुल क्रीम दूध भी 72 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है।
कोलकाता में भी दूध की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यहां अमूल गोल्ड 72 रुपये प्रति लीटर बिकेगा। जबकि, अमूल ताजा 60 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। मदर डेयरी के टोंड दूध का दाम 58 रुपये से बढ़ाकर 60 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। चेन्नई में अमूल गोल्ड की कीमत 72 रुपये प्रति लीटर हो गई है। जबकि, अमूल काउ मिल्क और ताजा दूध 62 रुपये प्रति लीटर बिकेगा। मदर डेयरी ने भी यहां अपने कई वैरिएंट्स के दाम बढ़ाए हैं।
यह भी पढ़ें:TET पर SC का सख्त फैसला, पात्रता परीक्षा बिना अब नहीं होगी शिक्षकों की नियुक्ति
अमूल ने जिन प्रमुख उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी की है उनमें फुल क्रीम मिल्क, गोल्ड, स्टैंडर्ड मिल्क, बफेलो मिल्क, स्लिम एंड ट्रिम, ताजा, काउ मिल्क और टी स्पेशल मिल्क शामिल हैं। कुछ पैकेट्स पर 500 मिलीलीटर के हिसाब से भी 1 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। मदर डेयरी ने भी अपने लगभग सभी लिक्विड मिल्क वैरिएंट्स के दाम बढ़ा दिए हैं। सबसे ज्यादा असर भैंस के दूध पर पड़ा है। कुछ जगहों पर कीमतें 75 रुपये से बढ़कर 80 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई हैं।
पिछले कुछ सालों में दूध की कीमतों में लगातार तेजी देखी गई है। साल 2020 में जहां फुल क्रीम दूध करीब 56 रुपये प्रति लीटर के आसपास मिलता था वहीं अब इसकी कीमत 70 से 72 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच चुकी है। यानी छह सालों में दूध करीब 14 से 18 रुपये प्रति लीटर तक महंगा हो गया है। कंपनियों ने इस दौरान कई बार चरणबद्ध तरीके से दाम बढ़ाए हैं। अमूल के मुताबिक, पिछली बार मई 2025 में भी दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की गई थी।
यह भी पढ़ें:CBSE ने जारी किया 12वीं का रिजल्ट, बेटियों ने लहराया परचम, भोपाल रीजन का प्रदर्शन राष्ट्रीय औसत से नीचे
विशेषज्ञों का मानना है कि दूध जैसी रोजमर्रा की जरूरत की चीजों में बढ़ोतरी का सीधा असर मध्यम वर्गीय परिवारों के घरेलू बजट पर पड़ता है। यदि कोई परिवार रोजाना दो लीटर दूध इस्तेमाल करता है तो नई कीमतों के बाद उसे हर महीने करीब 120 रुपये अतिरिक्त खर्च करने होंगे। वहीं, 2020 की तुलना में अब ऐसे परिवारों का मासिक दूध खर्च करीब 1,000 रुपये तक बढ़ चुका है।