CBSE ने जारी किया 12वीं का रिजल्ट, बेटियों ने लहराया परचम, भोपाल रीजन का प्रदर्शन राष्ट्रीय औसत से नीचे

सीबीएसई ने 12वीं बोर्ड 2026 के नतीजे घोषित कर दिए हैं। भोपाल रीजन का पास प्रतिशत 79.43 रहा जो राष्ट्रीय औसत 85.20% से काफी कम है।

Updated: May 13, 2026, 04:59 PM IST

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने बुधवार दोपहर 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 के परिणाम घोषित कर दिए हैं। इसके साथ ही भोपाल के 9,399 विद्यार्थियों समेत मध्य प्रदेश के 80,454 छात्रों का इंतजार खत्म हो गया। इस बार भोपाल रीजन का प्रदर्शन राष्ट्रीय औसत से कमजोर रहा। जहां देशभर में कुल पास प्रतिशत 85.20 दर्ज किया गया वहीं भोपाल रीजन में केवल 79.43 प्रतिशत छात्र ही सफल हो सके।

सीबीएसई के जारी आंकड़ों के अनुसार, भोपाल रीजन का रिजल्ट राष्ट्रीय औसत से 5.77 प्रतिशत कम रहा। इतना ही नहीं भोपाल का प्रदर्शन रायपुर, लखनऊ और रांची जैसे कई रीजन से भी पीछे रहा है। दूसरी ओर तिरुवनंतपुरम (त्रिवेंद्रम) देश का सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाला रीजन बना। वहां 95.62 प्रतिशत विद्यार्थी पास हुए थे। वहीं, प्रयागराज सबसे कमजोर रीजन रहा और यहां सिर्फ 72.43 प्रतिशत परिणाम दर्ज किया गया। दिल्ली वेस्ट और दिल्ली ईस्ट रीजन ने भी 91 प्रतिशत से अधिक सफलता दर हासिल की।

यह भी पढ़ें:NGT पहुंचा भोपाल में दूषित पानी का मामला, जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित करने के निर्देश

देशभर के परिणामों पर नजर डालें तो इस साल 12वीं बोर्ड का कुल पास प्रतिशत 85.20 रहा। यह पिछले साल के 88.39 प्रतिशत की तुलना में 3.19 प्रतिशत कम है। बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से 10 अप्रैल 2026 के बीच आयोजित की गई थी। परीक्षा के बाद कॉपियों का मूल्यांकन डिजिटल सिस्टम के जरिए किया गया। जिससे प्रक्रिया को तेज और अधिक पारदर्शी बनाने का दावा किया गया।

भोपाल रीजन में इस बार भी लड़कियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। लड़कियों का पास प्रतिशत 82.19 प्रतिशत दर्ज किया गया। जबकि, लड़कों का परिणाम 76.87 प्रतिशत रहा। इस तरह छात्राएं करीब 5 प्रतिशत अंकों से आगे रही।

यह भी पढ़ें:मंदसौर में आइसक्रीम खाने से फूड पॉइजनिंग, एक ही गांव के 30 लोग बीमार

रिजल्ट के आंकड़ों में एक चिंताजनक पहलू भी सामने आया है। भोपाल रीजन में कुल परीक्षार्थियों में से 12.14 प्रतिशत छात्र ऐसे रहे जो सभी विषयों में असफल हो गए। इसे शिक्षा व्यवस्था और विद्यार्थियों की तैयारी दोनों के लिहाज से गंभीर संकेत माना जा रहा है।

सीबीएसई ने छात्रों को रिजल्ट देखने के लिए कई डिजिटल विकल्प उपलब्ध कराए हैं। विद्यार्थी आधिकारिक वेबसाइट के अलावा डिजीलॉकर और उमंग एप के जरिए भी अपना परिणाम देख सकते हैं। इसके लिए रोल नंबर, स्कूल नंबर, एडमिट कार्ड आईडी और जन्मतिथि की जरूरत होगी। साथ ही बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि एक या अधिक विषयों में असफल विद्यार्थियों को कंपार्टमेंट परीक्षा में शामिल होने का अवसर दिया जाएगा। वहीं, अपने अंकों से असंतुष्ट छात्र उत्तर पुस्तिका की फोटोकॉपी, वेरिफिकेशन और री इवैल्यूएशन के लिए आवेदन कर सकेंगे।

यह भी पढ़ें:भोपाल में बिना वीजा रह रही उज़्बेक महिला गिरफ्तार, बंगाल का युवक भी पुलिस हिरासत में