देशभर में मौसम का डबल अटैक, UP में आंधी तूफान से 94 मौतें, राजस्थान और MP में हीटवेव का कहर

मिल रहा है। उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान से 94 लोगों की मौत हो गई। जबकि, राजस्थान और मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी और हीटवेव ने हालात बिगाड़ दिए हैं।

Updated: May 14, 2026, 11:49 AM IST

देश के अलग अलग हिस्सों में मौसम ने दोहरी मार शुरू कर दी है। उत्तर प्रदेश में बुधवार को तेज आंधी और तूफान ने भारी तबाही मचाई। जिसमें प्रयागराज, अयोध्या समेत 30 जिलों में 94 लोगों की जान चली गई। सबसे ज्यादा 17 मौतें प्रयागराज और 16 मौतें भदोही में दर्ज की गई। कई इलाकों में करीब 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चली थी। बरेली में तेज तूफान के दौरान एक युवक टीनशेड के साथ हवा में उड़ गया। दूसरी तरफ राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर लगातार बढ़ रहा है।

उत्तर प्रदेश में खराब मौसम के चलते कई जिलों में जनजीवन प्रभावित रहा। पेड़ गिरने, बिजली के खंभे टूटने और मकानों को नुकसान पहुंचने की घटनाएं भी सामने आई। बांदा शहर बुधवार को प्रदेश का सबसे गर्म इलाका रहा। वहां तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए राज्य के 51 जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।

राजस्थान में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। जैसलमेर लगातार चौथे दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा। वहां अधिकतम तापमान 46.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बीकानेर, जोधपुर, जैसलमेर और बाड़मेर में रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 13 जिलों में हीटवेव की चेतावनी दी गई है। दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है।

मध्य प्रदेश के 25 से ज्यादा जिले भी भीषण गर्मी की चपेट में हैं। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में 18 मई तक हीटवेव जारी रह सकती है। बुधवार को खजुराहो का तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इंदौर, उज्जैन, धार और रतलाम में गुरुवार के लिए हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में गर्म रातों यानी वार्म नाइट की स्थिति बनने की भी संभावना जताई गई है।

हरियाणा में भी तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों में राज्य के अधिकतम तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई। पांच शहरों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया। जबकि, नारनौल सबसे गर्म रहा। वहां पारा 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने 17 मई से प्रदेश में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है।

पूर्वी भारत के कई राज्यों में बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। बिहार के पूर्णिया, कटिहार समेत सात जिलों में तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, 15 मई को राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में हीटवेव बनी रह सकती है। झारखंड में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ आंधी चलने की संभावना है। बिहार, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, केरल और कर्नाटक में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।

16 मई को मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं का अनुमान जताया गया है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। वहीं, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर राज्यों में बिजली गिरने और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।