रायबरेली। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने रायबरेली में बुधवार को कहा कि जब RSS के कार्यकर्ता आपके सामने आएंगे तो उनसे खुलकर कहिएगा कि आपका प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और संगठन गद्दार है। आपने हिंदुस्तान को बेचने का काम किया है।
राहुल गांधी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी ने देश का आर्थिक सिस्टम अडानी-अंबानी और अमेरिका के हाथों बेच दिया है। अब जो आर्थिक तूफान आने वाला है, उसमें सबकुछ तबाह हो जाएगा। जब ये सब होगा तो नरेंद्र मोदी जनता के सामने आकर रोएंगे कि मेरी गलती नहीं है। वे ऐसा नोटबंदी और कोरोना के समय कर चुके हैं। जबकि सच यही है कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह और RSS की गलती का खामियाजा जनता को भुगतना होगा। आने वाला समय बहुत मुश्किल होने वाला है। ऐसी महंगाई होगी, जो आज तक देश ने नहीं देखी होगी।
राहुल गांधी ने आगे कहा कि हर चीज के दाम बढ़ जाएंगे, किसान परेशान होंगे, क्योंकि देश में खाद की कमी हो जाएगी। तेल और गैस की सप्लाई रुक जाएगी। लेकिन इस आर्थिक तूफान का असर अडानी-अंबानी और नरेंद्र मोदी पर नहीं पड़ेगा, क्योंकि वो अपने महलों में बैठे रहेंगे। अगर इस आर्थिक तूफान का झटका किसी को लगेगा तो वह देश की आम जनता होगी। मोदी सरकार ने चुनाव से पहले कहा था कि देश में पेट्रोल और गैस की कोई कमी नहीं है, चुनाव के बाद इसकी कीमत नहीं बढ़ेगी।लेकिन आज जब पेट्रोल के दाम बढ़ रहे हैं, तो अंबानी पेट्रोल हिंदुस्तान के बाहर बेच रहा है।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि अंबानी रूस से पेट्रोल खरीदकर दूसरे देशों में बेचता है, जिससे नरेंद्र मोदी की फंडिंग की जाती है। उन्होंने कहा, 'संविधान कहता है कि पब्लिक सेक्टर होना चाहिए। आरक्षण होना चाहिए। लोगों के साथ न्याय होना चाहिए। स्वतंत्र मीडिया होना चाहिए। लेकिन ये सब नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने तबाह कर दिया। पब्लिक सेक्टर को प्राइवेटाइज कर दिया। मनरेगा को ख़त्म कर दिया, कॉलेज और विश्वविद्यालयों में RSS के लोगों को बैठा दिया, जिन्हें कुछ नहीं आता। संविधान कहता है- हर नागरिक को वोट का अधिकार होना चाहिए, लेकिन नरेंद्र मोदी SIR के जरिए लोगों से ये अधिकार भी छीन रहे हैं।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी वोट चोरी करवाते हैं। मनरेगा को खत्म करते हैं। जातिगत जनगणना नहीं करवाते और अंबानी-अडानी को देश बेच रहे हैं। ऐसा कर वे देश के संविधान पर हमला कर रहे हैं। इसलिए हमारी जिम्मेदारी है कि हम संविधान के साथ वीरा पासी जी के विचारों की रक्षा करें। उन्होंने आगे कहा, 'नरेंद्र मोदी जनता से कहते हैं कि सोना मत खरीदो, विदेश मत जाओ, इलेक्ट्रिक गाड़ी में चलो और ये सब कहने के तुरंत बाद नरेंद्र मोदी हजारों-करोड़ के जहाज में बैठकर विदेश चले जाते हैं और जनता चुपचाप देखती रहती है।'
प्रधानमंत्री ने कहा कि जब भी BJP-RSS के लोग आपके सामने आएं और नरेंद्र मोदी-अमित शाह की बात करें तो आप उनसे खुलकर कहिए। नरेंद्र मोदी-अमित शाह गद्दार हैं। BJP-RSS गद्दार हैं, क्योंकि आप लोगों ने मिलकर देश को बेचने का काम किया है। BJP-RSS ने संविधान पर, वीरा पासी जी, गांधी जी और अंबेडकर जी पर हमला किया है। वीरा पासी जी, अंबेडकर जी ने कहा था कि हिंदुस्तान में हर नागरिक एक समान है, हर व्यक्ति को अभ्यास का सही फल मिलना चाहिए और सभी को समान अधिकार मिलने चाहिए। ये देश सबका है, किसी एक जाति या संगठन का नहीं है। यही बात देश का संविधान भी कहता है। संविधान में हिंदुस्तान के लोगों की आवाज है। संविधान की रक्षा करना हम सभी का कर्तव्य है।