नई दिल्ली। भारत निर्वाचन आयोग ने राज्यसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। चुनाव आयोग ने शुक्रवार को द्विवार्षिक चुनाव के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इसके मुताबिक दस राज्यों की 24 सीटों पर 18 जून को मतदान होगा।

चुनाव आयोग के नोटिफिकेशन के मुताबिक एक जून को नोटिफिकेशन जारी होगा। 8 जून तक नामांकन भरा जा सकेगा। 9 जून को नामांकन की जांच होगी और 11 जून को नामांकन वापस लिया जा सकेगा। अगर जरूरी हुई तो 18 जून को वोटिंग होगी। वोटिंग सुबह 9 से शाम 4 बजे तक होगी। 18 जून को मतगणना होगी और 20 जून तक राज्यसभा का चुनाव पूरा कर लिया जाएगा।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कूरियन, और रवनीत सिंह बिट्टू आदि का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और गुजरात से चार-चार सीटें खाली हो रही हैं। राजस्थान और मध्य प्रदेश से तीन-तीन सीटें खाली होने जा रही हैं। 

मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और झारखंड से एक-एक सीट खाली होंगी। इनके अलावा झारखंड, तमिलनाडु और महाराष्ट्र से एक-एक सीटों पर उपचुनाव भी हो सकता है। रिटायर होने वाले सांसदों में 11 बीजेपी के हैं जबकि कांग्रेस के चार सांसद हैं। केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण और रेलवे राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू राजस्थान से राज्य सभा सांसद हैं। उनका कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो रहा है। इसी तरह अल्पसंख्यक मामलों और मत्स्य पालन मंत्रालय में राज्य मंत्री जॉर्ज कूरियन मध्य प्रदेश से राज्य सभा सांसद हैं। उनका कार्यकाल भी 21 जून को समाप्त हो रहा है।