मुंबई। देश के पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के नतीजों के बीच आज 4 मई को शेयर बाजार में तेजी है। सेंसेक्स 750 अंक यानी 0.94 फीसदी चढ़कर 77,700 पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी भी 250 अंक यानी 0.92 फीसदी ऊपर है, ये 24,200 के स्तर पर पहुंच गया है।
दरअसल, असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों के शुरुआती रुझानों से बाजार में तेजी हैं। बाजार स्पष्ट जनादेश को पॉजिटिव लेता है। आज के कारोबार में रियल्टी, मेटल और सरकारी बैंकों के शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी है। जबकि आईटी और मीडिया शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली है।
एशियाई बाजारों में आई तेजी ने भारतीय बाजार के सेंटीमेंट को भी मजबूत किया है। जापान, कोरिया और हॉन्गकॉन्ग के बाजारों में आज मजबूती है। इसके अलावा ब्रेंट क्रूड ऑयल एक बार फिर घटकर 110 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गया है। ये 107 डॉलर के करीब है। क्रूड जब घटता है तो महंगाई का खतरा कम होता है।