श्रीनगर। श्रीनगर शहर में गुरुवार (22 मई) को भीषण गर्मी दर्ज की गई, जिसे 133 वर्षों में मई का तीसरा सबसे अधिक तापमान घोषित किया गया। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो वर्ष के इस समय के सामान्य तापमान से 9 डिग्री अधिक था।
श्रीनगर के साथ ही जम्मू में भी लोग गर्मी से परेशान रहे। यहां पर दिन का पारा 38.5 डिग्री रहा हवा के कारण यहां बुधवार की अपेक्षा पारे में कमी आई और यह 2.9 डिग्री कम रहा। बुधवार को जम्मू में अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री था।
बीते 54 वर्षों की बात करें तो श्रीनगर में 54 साल बाद पारा 34 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा है। इससे पहले 28 मई 1971 को तापमान 34.3 डिग्री दर्ज किया गया था। घाटी की खूबसूरती के अलावा यहां का मौसम अन्य राज्यों के पर्यटकों को यहां खींचकर लाता है।
गर्मी की छुट्टियों में घूमने के लिए कश्मीर एक बेहतर जगह है। लेकिन, अब गर्मी भी यहां तेवर दिखा रही है। बाजार और सड़क पर दोपहर में निकलना मुश्किल हो रहा है। गुरुवार को श्रीनगर का अधिकतम तापमान सामान्य से नौ डिग्री ज्यादा रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक है। गुलमर्ग में तापमान 25.4 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 8.8 डिग्री ज्यादा है। वहीं पहलगाम में तापमान 27.8 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 5.6 डिग्री अधिक है।