भोपाल। नर्मदापुरम जिले के किसानों की समस्याओं को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने प्रदेश सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से गेहूं खरीदी, खाद की कमी और मूंग खरीदी से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकार की लापरवाही के कारण जिले के हजारों किसान परेशान हैं और उन्हें समय पर राहत नहीं मिल पा रही है।

नर्मदापुरम जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष पुष्पराज सिंह द्वारा भेजे गए पत्र के आधार पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि समर्थन मूल्य पर जारी गेहूं खरीदी के दौरान अचानक स्लॉट बुकिंग बंद कर दिए जाने से बड़ी संख्या में किसान अपना गेहूं बेचने से वंचित हो रहे हैं। उन्होंने मांग की कि सरकार तत्काल स्लॉट बुकिंग दोबारा शुरू करे और खरीदी की अवधि बढ़ाए।

दिग्विजय सिंह ने खाद संकट का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि जिले में धान फसल के लिए किसानों को पर्याप्त खाद नहीं मिल पा रहा है। ई-टोकन सर्वर अधिकतर समय बंद रहने और खाद की भारी कमी के कारण किसान परेशान हैं। जिले में करीब 3 लाख किसान हैं, जबकि खाद वितरण के लिए केवल 6 डिपो संचालित हो रहे हैं, जिससे स्थिति गंभीर बनी हुई है।

उन्होंने सरकार से मांग की कि जिले में DAP खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही यदि DAP उपलब्ध नहीं है तो विकल्प के तौर पर NPK 12:32:16 खाद तत्काल उपलब्ध कराया जाए।

मूंग खरीदी को लेकर भी दिग्विजय सिंह ने सरकार की नीति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार केवल कुल उत्पादन का 25 प्रतिशत खरीदे जाने की बात कर रही है, जिससे किसानों में भ्रम और चिंता की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने पूछा कि शेष उत्पादन का क्या होगा और सरकार इस पर स्पष्ट नीति सामने लाए।

उन्होंने खरीदी केंद्रों की संख्या, बारदानों की उपलब्धता और बारिश के मौसम में मूंग खरीदी की व्यवस्थाओं को लेकर भी सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। दिग्विजय सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द निर्णय करे ताकि किसानों को राहत मिल सके।