तमिलनाडु में आयोजित सीनियर नेशनल एक्वाटिक चैंपियनशिप में इंदौर की डाइवर पलक शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। भारतीय रेलवे का प्रतिनिधित्व करने वाली पलक ने एक ही राष्ट्रीय प्रतियोगिता में तीन स्वर्ण और एक रजत सहित कुल चार पदक अपने नाम किए। इसके साथ ही वह सीनियर नेशनल के इतिहास में एक साथ चार पदक जीतने वाली इंदौर की पहली खिलाड़ी बन गई। उनके प्रदर्शन की बदौलत भारतीय रेलवे ने टीम चैंपियनशिप में भी पहला स्थान हासिल किया।
डाइविंग को बेहद चुनौतीपूर्ण और जोखिम भरा खेल माना जाता है। करीब 10 मीटर ऊंचे हाई बोर्ड से छलांग लगाने के दौरान शरीर का संतुलन जरा भी बिगड़ जाए तो पानी से टकराने का असर किसी कठोर सतह जैसा महसूस होता है। पलक ने इसी चुनौती को स्वीकार करते हुए लगातार बेहतरीन प्रदर्शन किया और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
प्रतियोगिता में पलक ने 10 मीटर हाई बोर्ड व्यक्तिगत स्पर्धा में 169.65 अंक हासिल कर स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा 1 मीटर स्प्रिंग बोर्ड स्पर्धा में 157.40 अंकों के साथ रजत पदक अपने नाम किया। सिंक्रो स्पर्धाओं में भी उन्होंने ऋतु के साथ शानदार तालमेल दिखाया। दोनों की जोड़ी ने 3 मीटर स्प्रिंग बोर्ड सिंक्रो में 162.12 अंक और 10 मीटर हाई बोर्ड सिंक्रो में 163.77 अंक हासिल कर दो और स्वर्ण पदक जीत लिए।
पलक शर्मा ने बताया कि डाइविंग जितनी रोमांचक दिखाई देती है उतनी ही जोखिमों से भरी होती है। उन्होंने बताया कि करीब छह महीने पहले अभ्यास के दौरान उनका कंधा चोटिल हो गया था और पूरी तरह फिट होने में लगभग दो महीने का समय लगा। चोट से उबरने के बाद उन्होंने कड़ी मेहनत जारी रखी जिसका परिणाम अब चार पदकों के रूप में सामने आया।
पलक की उपलब्धियों को इससे पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिल चुका है। साल 2021 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इसके बाद साल 2022 में मध्य प्रदेश सरकार ने खेल क्षेत्र में उनके योगदान के लिए प्रतिष्ठित एकलव्य पुरस्कार प्रदान किया था। अब सीनियर नेशनल में चार पदक जीतकर उन्होंने अपने करियर में एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ दी है।