फिनलैंड लगातार नौंवीं बार दुनिया का सबसे खुशहाल देश बना है। यहां के लोग अपने जीवन से भरपूर खुश हैं। वहीं, भारत के लोगों की स्थिति चिंताजनक ही है। 147 देशों की इस रैंकिंग में भारत को इस बार 116वां स्थान मिला है। पिछले साल इस रैंकिंग में भारत 118वें नंबर पर था। इस तरह भारत की रैंकिंग में दो स्थानों का सुधार तो जरूर हुआ है, लेकिन यह नागरिकों की दयनीय स्थिति की ओर इशारा करता है।

चौंकाने वाली बात यह है कि इस सूची में भारत से इस बार भी पाकिस्तान ने बाजी मार ली है। पाकिस्तान को हैप्पीनेस इंडेक्स में 4.868 के औसत स्कोर के साथ 104वीं रैंक मिली है। यानी भारतीय लोगों से ज्यादा खुश तो पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान के लोग हैं। इतना ही नहीं खुशी के मामले में श्रीलंका भी भारत से उपर है। उसे 99वां स्थान मिला है।

इस रैंकिंग में पिछले तीन साल से लगातार युद्ध लड़ रहे इजरायल की रैंकिंग आठ है, वहीं पिछले साल 12 दिन युद्ध, अभी युद्ध से जूझ रहे और लगातार अपने देश के नेताओं को खोने वाले ईरान की रैंकिंग 97वें है। यह दोनों ही देश भारत से आगे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक इजरायल को 10 में से 7.187 नंबर मिले हैं, तो वहीं ईरान को 5.151 नंबर मिले हैं। ईरान की जीवन प्रात्याशा दर 64 वर्ष है, वहीं इजरायल में यह बढ़कर 70.8 हो जाती है।

ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी और वेलबीइंग रिसर्च सेंटर द्वारा पब्लिश की जाने वाली यह रिपोर्ट हर वर्ष अपने विषय के कारण चर्चा में रहती है। इस रैंकिंग पद्धति में शामिल सभी देशों के कुछ लोगों से इनकी टीम सवाल पूछती है और फिर उन लोगों के जीवन मूल्यांकन के तीन साल के औसत के आधार पर रैंकिंग दी जाती है। इसमें लोग अपने देश में बिताए जा रहे जीवन को 0 से 10 के बीच में नंबर देते हैं। ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के मुताबिक यह रिपोर्ट मुख्यतः छह मानकों पर निर्भर करती है। इसमें प्रति व्यक्ति आय, सामाजिक समर्थन, स्वस्थ जीवन प्रत्याशा, स्वतंत्रता, उदारता और भ्रष्टाचार की धारणा शामिल हैं।

इस रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय लोगों की औसत जीवन प्रत्याशा दर 58.2 फीसदी है। भारत के पीछे होने की वजह उसका कई मामलों में कमजोर प्रदर्शन है। लोगों के बीच में असमानता के मामले में भारत 92वें स्थान पर है, सामाजिक समर्थन 123वें स्थान पर और प्रति व्यक्ति जीडीपी 89वें स्थान पर है। हालांकि, सकारात्मक पक्ष यह है कि भारत स्वतंत्रता (61वां स्थान) और भ्रष्टाचार की धारणा (64वां स्थान) में अपेक्षाकृत बेहतर प्रदर्शन करता है।