नई दिल्ली। वोट चोरी की निष्पक्ष जांच और CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन जारी है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी विपक्ष के सांसदों के साथ जंतर मंतर पहुंच गए हैं। राहुल गांधी ने कहा कि अब यहीं प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना होगा।
दरअसल, मल्लिकार्जुन खड़गे ने इंडिया ब्लॉक के सांसदों को बुधवार को लंच पर बुलाया था। जनपथ पर स्थित सागर रत्ना रेस्टोरेंट में विपक्षी सांसदों ने करीब 1:30 घंटा लंच किया। लंच के बाद राहुल गांधी, विपक्षी सांसदों के साथ जंतर-मंतर पहुंच गए। उन्होंने कहा कि अब यहीं धरना देंगे। ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना होगा।
इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि हम यह विरोध जारी रखेंगे। चुनाव आयोग की बार-बार की गलतियां और केंद्र सरकार के इशारे पर हो रही हरकतें यह दिखाती हैं कि वे देश में लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं। वे संविधान की भी परवाह नहीं करते।
उन्होंने कहा कि इसलिए, हमने तय किया है कि लोगों की आवाज पूरे देश तक पहुंचनी चाहिए। यही हमारा काम है और इसीलिए राहुल गांधी लड़ रहे हैं। लोगों के हक छीने जा रहे हैं, उसकी सुरक्षा के लिए हम कोशिश कर रहे हैं, हम डरने वाले नहीं हैं बल्कि लड़ते रहेंगे और आगे बढ़ते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के सभी साथी जंतर-मंतर पर ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। जब तक हमारी मांग पूरी नहीं हो जाती, हम प्रदर्शन करते रहेंगे। चुनाव आयोग जो भी कर रहा है, उसके पीछे केंद्र सरकार है। इसलिए हम सभी विपक्षी दलों के नेता देश के लोगों को बताना चाहते हैं कि उनका अधिकार छीना जा रहा है।
इससे एक दिन पहले मंगलवार को इंडिया ब्लॉक के 200 से ज्यादा सांसदों ने संसद से चुनाव आयोग के ऑफिस तक मार्च निकाला था, लेकिन उन्हें पहले ही रोक दिया गया। इसके बाद राहुल और प्रियंका ने आकाशवाणी परिसर में 8 घंटे धरना दिया था। हालांकि परिसर में जबरन घुसने पर दोनों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।