ललितपुर। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के 27वें दिन शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के ग्राम खिरिया से पदयात्रा का शुभारंभ हुआ। यात्रा प्रारंभ करने से पूर्व रामरथ में स्थापित पवित्र नदियों के जल से सुशोभित कलशों, रथ में विराजमान प्रभु श्रीरामलला सरकार एवं पार्थिव शिवलिंग का विधि-विधान से पूजन-अर्चन, अभिषेक एवं आरती की गई। इसके पश्चात राष्ट्रध्वज तिरंगा फहराकर ससम्मान सलामी अर्पित की गई।
शुक्रवार सुबह शुरू हुई पदयात्रा ननौरा तिगड्डा, जखौरा, मनपुरा जोड़ और टेकरी हनुमान मंदिर होते हुए आगे बढ़ी। दोपहर 1 बजे भोजन एवं विश्राम के बाद यात्रा पुनः प्रारंभ हुई और गुलेन्दा जोड़, वादीवर तिगैला तथा ग्राम पारा होते हुए बौलारी बिजरौंठा पहुंची। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों ने यात्रा का स्वागत किया और इसके अभियान के प्रति अपना समर्थन जताया।
शाम को ग्राम बौलारी बिजरौंठा में पदयात्रा का विश्राम हुआ। यात्रियों के भोजन एवं रात्रि विश्राम की व्यवस्था ललितपुर जिले के काला पहाड़ स्थित बुंदेला बंधु फार्म हाउस में की गई है। दोपहर भोजन एवं विश्राम की व्यवस्था में भगत राजा बुंदेला और चक लालौन के पूर्व प्रधान रणवीर सिंह का सहयोग रहा। वहीं रात्रि विश्राम की व्यवस्था मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री चन्द्रभूषण सिंह बुंदेला (गुड्डू राजा) की ओर से की गई है।
शुक्रवार को यात्रा के दौरान दिग्विजय सिंह ने कहा कि हमारी यह "सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा" केवल एक पदयात्रा नहीं, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और सनातन परंपराओं की गरिमा एवं पवित्रता की रक्षा के लिए चलाया जा रहा जनजागरण अभियान है। यह लड़ाई किसी एक दल या व्यक्ति की नहीं, बल्कि देश के हर उस नागरिक की है, जो लोकतंत्र में जनमत के सम्मान और सनातन धर्म में श्रद्धालुओं की आस्था की पवित्रता पर विश्वास रखता है।
उन्होंने कहा कि वोट चोरी के मुद्दे पर हमारी मांग स्पष्ट है। Machine Readable Voter List और EVM के बजाय मतपत्र से चुनाव कराए जाएं। जिस दिन सुप्रीम कोर्ट ने हमारी यह मांग मान ली, उसी दिन से भारतीय जनता पार्टी की उल्टी गिनती शुरू हो जाएगी। जनता के वोट की चोरी लोकतंत्र के साथ विश्वासघात है और भगवान के नाम पर अर्पित चंदे एवं चढ़ावे की चोरी करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के साथ विश्वासघात है।
दिग्विजय सिंह ने मांग की कि वोट चोरी और मंदिरों में प्राप्त दान एवं चढ़ावे में हेराफेरी, दोनों ही मामलों की निष्पक्ष जांच हो, चुनाव मतपत्र से कराए जाएं, मंदिरों में प्राप्त दान एवं चढ़ावे की पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई हो। उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा जनता के वोट की पवित्रता और श्रद्धालुओं की आस्था के संरक्षण का जनजागरण अभियान है। सत्य, सनातन और स्वाभिमान का यह अभियान जनविश्वास और जनसमर्थन के साथ अपने संकल्प की ओर निरंतर अग्रसर है।