दिल्ली पुलिस ने बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित घर जलसा के बाहर गोलीबारी की साजिश रचने के आरोप में दो शॉर्पशूटर्स को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जालंधर निवासी विकास ठाकुर और तरनतारन के दीपक सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों विदेश में बैठे एक गैंगस्टर के इशारे पर काम कर रहे थे। गैंगस्टर कथित तौर पर 1984 के सिख विरोधी दंगों को लेकर अमिताभ बच्चन के एक पुराने बयान से नाराज था और इसी वजह से उन्हें निशाना बनाने की योजना बनाई गई थी। हालांकि, अमिताभ बच्चन पहले ही ऐसे किसी बयान से इनकार कर चुके हैं।
पुलिस की जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों को अलग अलग आपराधिक वारदातों की जिम्मेदारी दी गई थी। इनमें अमिताभ बच्चन के बंगले के बाहर फायरिंग करने के साथ दिल्ली के एक कारोबारी को रंगदारी के लिए डराने की योजना भी शामिल थी। पुलिस ने वारदातों को अंजाम दिए जाने से पहले ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, दीपक सिंह को अमिताभ बच्चन के घर के आसपास लंबे समय तक मुंबई में रुकने के निर्देश मिले थे। उसे जलसा के बाहर फायरिंग करनी थी। जांच एजेंसियों को आशंका है कि इस हमले के पीछे 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़ा विवाद था। गैंगस्टर अमिताभ को उनके कथित पुराने बयान के लिए जिम्मेदार मानकर बदला लेना चाहता था।
दीपक सिंह का नाम पंजाब के एक अन्य चर्चित आपराधिक मामले में भी सामने आया है। वह 3 अक्टूबर को अमृतसर में इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर मैड संधू की हत्या के मामले में वांटेड था। इस हत्याकांड में उसके साथ शामिल रहे पलविंदर सिंह उर्फ काका को पंजाब पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
दूसरा आरोपी विकास ठाकुर जालंधर के न्यू गांधी नगर का रहने वाला है। दिल्ली पुलिस के डिप्टी कमिश्नर नारा चैतन्य के अनुसार, उसे मुंबई से दिल्ली भेजा गया था। यहां एक कारोबारी से रंगदारी वसूलने के लिए उस पर गोली चलाने की जिम्मेदारी दी गई थी।
इस वारदात में दीपक सिंह को भी शामिल होना था लेकिन पुलिस ने योजना सफल होने से पहले विकास को पकड़ लिया। इसके बाद मुंबई में कार्रवाई करते हुए दीपक सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर उनके विदेशी गैंगस्टर से संबंधों और अन्य संभावित वारदातों की जानकारी जुटा रही है।
अमिताभ बच्चन का नाम 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े एक पुराने विवाद में भी आया था। कुछ सिख संगठनों और दंगों की गवाह जगदीश कौर ने आरोप लगाया था कि 31 अक्टूबर 1984 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद दिल्ली स्थित एम्स के बाहर अमिताभ ने भीड़ को भड़काया था।
शिकायतकर्ताओं का दावा था कि दूरदर्शन पर इंदिरा गांधी की हत्या के बाद हुए घटनाक्रम के लाइव प्रसारण के दौरान अमिताभ ने हाथ उठाकर खून का बदला खून और खून के छींटे सिखों के घरों तक पहुंचने चाहिए जैसे नारे लगाए थे। हालांकि, इस कथित प्रसारण का कोई आधिकारिक वीडियो सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं हुआ है।
अक्टूबर 2014 में अमेरिका के संगठन सिख्स फॉर जस्टिस ने इस मामले को लेकर लॉस एंजिल्स की संघीय अदालत में अमिताभ बच्चन के खिलाफ दीवानी मुकदमा दायर किया था। बच्चन ने कानूनी प्रक्रिया के तहत आरोपों का खंडन किया था। वहीं, भारत की किसी भी जांच एजेंसी ने 1984 के दंगों में उन्हें आरोपी नहीं बनाया और न ही उनके खिलाफ कोई सबूत मिलने की बात सामने आई।
अमिताभ बच्चन की सुरक्षा को लेकर हाल के दिनों में धमकी भरे ईमेल भी सामने आए हैं। 6 नवंबर को उनके बंगले जलसा को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिला था। इससे पहले 23 अक्टूबर को मुंबई की मेयर रितु तावड़े को भी इसी तरह का संदेश भेजा गया था। जिसमें अमिताभ के घर को निशाना बनाने की बात कही गई थी।
23 अक्टूबर को मिले ईमेल में पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ का भी जिक्र था। संदेश में दावा किया गया था कि दिलजीत ने अमिताभ बच्चन के पैर छुए थे इसलिए उन्हें भी निशाना बनाया जाएगा। ईमेल में 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेसकोर्स में आत्मघाती हमले के जरिए दिलजीत की हत्या करने की धमकी दी गई थी। धमकी मिलने के बाद मुंबई पुलिस ने बीएमसी मुख्यालय में सुरक्षा जांच की थी। पुलिस की डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते ने मेयर और डिप्टी मेयर के कार्यालयों समेत अलग-अलग चैंबर्स की तलाशी ली थी।
मुंबई में फिल्मी हस्तियों को निशाना बनाने की घटनाओं के बीच 18 अक्टूबर को अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर भी गोलीबारी हुई थी। वह जुहू इलाके में फुटबॉल खेलने के बाद लौट रहे थे तभी उनकी गाड़ी पर गोलियां चलाई गई। इस घटना में टाइगर श्रॉफ सुरक्षित रहे लेकिन उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए थे। पुलिस ने इस मामले में अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।