नई दिल्ली। हाथरस में गैंगरेप की घटना और यूपी की योगी सरकार के व्यवहार पर देशभर में ग़ुस्सा है। विपक्षी दल और विभिन्न संगठन उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की लापरवाही पर सवाल उठा रहे हैं। इसी विरोध के बीच कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी दिल्ली में पंचकुइन्या रोड स्थित वाल्मीकि मंदिर में हाथरस की बेटी के लिए हुई प्रार्थना सभा में पहुंची। इसी वाल्मीकि मंदिर में रुककर महात्मा गांधी ने स्वाधीनता की अलख जगाई थी। 



कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रियंका ने भगवान वाल्मीकि को नमन किया और मंदिर में लगी महात्मा गांधी की प्रतिमा पर भी पुष्प अर्पित किए। वाल्मीकि मंदिर पहुंची प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि मैं यहां प्रार्थना सभा में शामिल होने के लिए आई हूं। हाथरस मामले पर प्रियंका ने कहा है कि पीड़ित परिवार को सरकार की कोई मदद नहीं मिली। उसका परिवार अकेला महसूस कर रहा होगा। हम राजनीतिक दबाव सरकार पर डालेंगे। हमारी बहन के साथ न्याय नहीं हुआ। हम अपनी बहन को न्याय दिलवाएंगे। जब तक उसे इंसाफ नहीं मिलेगा हम शांत नहीं बैठेंगे।





कांग्रेस ने ट्वीट किया कि हाथरस पीड़िता के लिए न्याय की प्रार्थना सभा में शामिल होने के लिए भगवान वाल्मीकि मंदिर पहुंची, जहां स्वतंत्रता संघर्ष के दौरान गांधीजी ने 214 दिन बिताए थे। हम हर अन्याय के खिलाफ खड़े हैं और रास्ता गांधीजी वाला ही है।