नई दिल्ली। भारत में पिछले तीन दिनों से गर्मी से हालात बेकाबू हैं। उत्तर और मध्य भारत में गर्मी की भीषण लहर चल रही है। अधिकतर हिस्सों में पारा 46 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक आगामी दिनों में भी लोगों को गर्मी से निजात मिलने की उम्मीद कम ही है। 

शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में पारा रिकॉर्ड 47 डिग्री तक पहुंच गया। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा समेत कई हिस्सों में लू कहर बरपा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले एक हफ्ते तक लोगों को भीषण गर्मी से छुटकारा मिलने की उम्मीद कम ही है। 

गुरुवार को देश भर में सबसे अधिक पारा झारखंड के डालटनगंज में रिकॉर्ड किया गया। डालटनगंज में बीते दिन तापमान 45.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। वहीं भारत समेत मध्य एशिया के कई देशों में ऐसी ही भीषण गर्मी देखने को मिल रही है। पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान के दादू में गुरुवार को दिन का तापमान 47.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। 

लोगों को भीषण गर्मी से बचाने के लिए मौसम विभाग अपने स्तर पर प्रयास कर रहा है। मौसम विभाग राज्य सरकारों और आपदा विभाग के संपर्क में है, ताकि समय रहते लोगों तक चेतावनी पहुंचाई जा सके। गर्मी से लोगों को बचाने के लिए मौसम विभाग ने स्थानीय प्रशासन से स्कूल का समय घटाने पर विचार करने के लिए भी कहा है। मौसम विभाग ने सूबह के समय स्कूल को संचालित किए जाने की हिदायत भी दी है। हालांकि भीषण गर्मी आम लोगों को परेशान तो कर ही रही है, लेकिन इसके साथ ही अत्याधिक तापमान होने के चलते किसानों की फ़सलों पर भी असर पड़ रहा है।