उधमपुर। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में रामनगर-उधमपुर मार्ग पर यात्रियों से भरी बस गहरी खाई में गिर गई। कगोत-कनोट क्षेत्र के पास ब्लाइंड मोड़ पर हुई इस दुर्घटना में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई। जबकि, हादसे में 29 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और टायर फटना हादसे की संभावित वजहें बताई जा रही हैं।
अधिकारियों के मुताबिक. बस दूरदराज के गांवों से यात्रियों को लेकर उधमपुर आ रही थी। सुबह करीब 9:40 से 10 बजे के बीच पहाड़ी मार्ग के एक खतरनाक मोड़ पर चालक नियंत्रण खो बैठा। जिसके बाद बस सड़क से करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना इतना भयावह थी कि बस का ऊपरी हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री मलबे में फंस गए।
यह भी पढ़ें:भीषण गर्मी में जनगणना ड्यूटी पर बवाल, 43 डिग्री तापमान में सर्वे के विरोध में उतरे शिक्षक
हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। बाद में पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य बचाव दलों ने अभियान संभाला। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को निकालकर एंबुलेंस से जीएमसी उधमपुर और अन्य अस्पतालों में पहुंचाया गया। मृतकों के शव भी क्षतिग्रस्त बस के मलबे से निकाल लिए गए हैं।
घायलों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे और कई लोग खड़े होकर सफर कर रहे थे। कुछ यात्रियों ने बताया कि बस तेज रफ्तार में थी। कगोत नाले के पास अचानक टायर फटने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका।
यह भी पढ़ें:MP: अनूपपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रैक्टर पलटने से चार लोगों की मौत
हादसे की सूचना मिलते ही केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने उधमपुर के उपायुक्त मिंगा शेरपा से बात कर स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने गंभीर घायलों को एयरलिफ्ट करने की व्यवस्था की बात कही और बताया कि राहत एवं बचाव अभियान तत्काल शुरू कर दिया गया है। स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता देने की घोषणा की है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी घटना पर शोक व्यक्त करते हुए प्रशासन को राहत कार्य तेज करने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद देने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें:सागर जिला अस्पताल के ICU में सांप, मरीजों की सुरक्षा को लेकर परिजन चिंतित
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी हादसे में जानमाल के नुकसान पर दुख जताया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। डीएसपी ट्रैफिक पंकज सूदन ने कहा कि हादसे के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार और पहाड़ी मोड़ पर नियंत्रण खोना मुख्य कारण माने जा रहे हैं। बस नंबर JK14D2121 सार्वजनिक परिवहन सेवा की बताई गई है।