सागर जिला अस्पताल के ICU में सांप, मरीजों की सुरक्षा को लेकर परिजन चिंतित
सागर जिला अस्पताल के ICU में खिड़की के पास सांप दिखने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद अस्पताल की सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिला चिकित्सालय के ICU वार्ड में रविवार सुबह खिड़की के पास अचानक एक सांप नजर आया। करीब सुबह 10 बजे हुई इस घटना से गंभीर मरीजों और उनके परिजनों में दहशत फैल गई थी। हालांकि, अस्पताल स्टाफ की त्वरित कार्रवाई से स्थिति को जल्द ही नियंत्रित कर लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सांप कुछ देर तक ICU की खिड़की के पास बना रहा और अंदर झांकता दिखाई दिया था। ICU जैसे संवेदनशील वार्ड में इस तरह का दृश्य देखकर मरीजों के परिजन घबरा गए थे। जिसके बाद कई लोग तुरंत वार्ड से बाहर निकल आए थे। जबकि, कुछ मरीजों को एहतियातन सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की चर्चा भी होने लगी।
सूचना मिलते ही अस्पताल के कर्मचारी और सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने मरीजों और परिजनों को शांत कराया। फिर सावधानी बरतते हुए सांप को बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की गई। कुछ समय की मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित तरीके से वार्ड से बाहर कर दिया गया।
इस घटना के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं। परिजनों का कहना है कि अस्पताल परिसर में फैली झाड़ियां और गंदगी ऐसे जीवों के अंदर आने का कारण बन रही हैं। उनका आरोप है कि ICU जैसे हाई रिस्क क्षेत्र में इस तरह की लापरवाही बेहद गंभीर है।
मरीजों के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन से परिसर की नियमित सफाई, खिड़कियों और दरवाजों की बेहतर सुरक्षा व्यवस्था और प्रभावी कीट नियंत्रण उपाय लागू करने की मांग की है। ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके और मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।




