कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को कोलकाता में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि वह CM पद से इस्तीफा नहीं देंगी। ममता बनर्जी ने कहा कि हम जनादेश नहीं, साजिश से हारे हैं। इसलिए इस्तीफा देने राजभवन नहीं जाऊंगी।
ममता ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग असली विलेन है। उसने भाजपा के साथ मिलकर 100 सीटें लूटीं। अब मेरे पास कोई कुर्सी नहीं है, मैं आजाद पंछी हूं। कहीं से भी चुनाव लड़ सकती हूं, सड़कों पर रहूंगी। ममता ने आरोप लगाया कि भाजपा ने काउंटिंग सेंटरों पर कब्जा कर लिया था। मेरे साथ बदसलूकी की। उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं के साथ अत्याचार किया। पार्टी और इंडिया गठबंधन के नेता उनके साथ खड़े हैं। हम फिर से उभरेंगे और उनका शेर की तरह लड़ेंगे।
ममता बनर्जी ने कहा कि इस समय जो हो रहा है, वैसा उन्होंने कभी नहीं देखा। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस तरह महाराष्ट्र, हरियाणा और बिहार में चुनाव चुराया था, वैसे ही बंगाल में चुनाव चुराया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे सिस्टम पर कब्जा करने के लिए लोकतंत्र की हत्या की गई।
उन्होंने कहा, 'सीआरपीएफ के लोग तो गुंडे जैसे व्यवहार कर रहे थे। वो कैंडिडेट तक को काउंटिंग सेंटर के अंदर नहीं जाने दे रहे थे। सेंटर फोर्स ऐसा व्यवहार कर सकती है, मैंने कभी नहीं सोचा था। मैंने मनमोहन, देवगौड़ा, गुजराल सरकार को भी देखा लेकिन मैंने ऐसा अत्याचार कभी नहीं देखा। क्या आप देश को लूटना चाहते हैं?'
पश्चिम बंगाल सहित 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे सोमवार को आ चुके हैं। बंगाल में भाजपा ने पहली बार 294 में से 207 सीटों पर जीत दर्ज की है। राज्य में पहली बार भाजपा की सरकार बनने वाली है। TMC सिर्फ 80 सीटें जीत सकी। 15 साल बाद ममता के हाथ सत्ता चली गई है।