मुंबई। भारतीय संगीत जगत के लिए एक बड़ी क्षति की खबर सामने आई है। दिग्गज गायिका आशा भोसले का 92 वर्ष की उम्र में मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में निधन हो गया। अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, उनका निधन मल्टी ऑर्गन फेल्योर के कारण हुआ। इससे पहले उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया था और फेफड़ों से जुड़ी गंभीर समस्याओं के चलते उनकी हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी।
शनिवार शाम उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस दौरान उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई थी। समाचार एजेंसी PTI ने उनकी गंभीर हालत की जानकारी दी थी। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर उनकी तबीयत को लेकर चिंता जताई थी।
आशा भोसले का संगीत सफर बेहद लंबा और संघर्षों से भरा रहा। उन्होंने अपने करियर में 12,000 से ज्यादा गाने गाए और हिंदी सिनेमा के साथ-साथ कई भाषाओं में अपनी आवाज का जादू बिखेरा। “दम मारो दम”, “पिया तू अब तो आज” और “चुरा लिया है तुमने” जैसे गीत आज भी संगीत प्रेमियों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं।
वह मशहूर संगीतकार और रंगकर्मी दीनानाथ मंगेशकर की बेटी और महान गायिका लता मंगेशकर की छोटी बहन थी। महज 9 साल की उम्र में पिता के निधन के बाद उन्होंने अपनी बहन के साथ मिलकर परिवार की जिम्मेदारी संभाली और गायन को ही अपना जीवन बना लिया था।
सम्मानों की बात करें तो आशा भोसले को कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है। उन्होंने 9 फिल्मफेयर अवॉर्ड जीते हैं। जिनमें 7 प्रतिस्पर्धी पुरस्कार 1967 से 1979 के बीच मिले थे। इसके अलावा उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार, दादासाहेब फाल्के अवॉर्ड और देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से भी सम्मानित किया जा चुका है। उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी दर्ज है। उन्हें 20 से अधिक भाषाओं में हजारों गाने रिकॉर्ड करने के लिए यह सम्मान मिला था।