गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज जिले में अभिनेता पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई विजेंद्र नाथ तिवारी पर रविवार देर शाम कुल्हाड़ी से हमला कर दिया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल हुए विजेंद्र नाथ को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।
यह घटना गोपालगंज के बरौली थाना क्षेत्र स्थित बेलसंड गांव में हुई। जानकारी के अनुसार, विजेंद्र नाथ तिवारी अपने घर के बाहर बैठे थे। तभी गांव का रहने वाला राजेश साह वहां पहुंचा और उन पर अचानक कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले के बाद विजेंद्र गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
यह भी पढ़ें:MP में 25 जून के बाद होगी मानसून की एंट्री, 4 दिन हीटवेव का अलर्ट, कुछ जिलों में आंधी-बारिश के भी आसार
डॉक्टरों के अनुसार, हमले में उनकी पीठ और दोनों कंधों पर गहरे घाव आए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा के लिए पटना भेजने का निर्णय लिया। फिलहाल उनका इलाज पटना के अस्पताल में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में जमीन से जुड़े पुराने विवाद का मामला सामने आया है। कुछ दिन पहले विजेंद्र नाथ तिवारी ने अपने घर के पास मिट्टी भरवाई थी। जिसके बाद पड़ोसियों के साथ विवाद उत्पन्न हुआ था। इसी विवाद के चलते हमले की आशंका जताई जा रही है।
यह भी पढ़ें:कतर के बरजान गैस प्लांट में भीषण विस्फोट, 54 कर्मचारी घायल और 18 लापता
सदर एसडीपीओ 2 राजेश कुमार के मुताबिक, आरोपी राजेश साह और उसके परिवार का विजेंद्र नाथ तिवारी से पहले से विवाद चल रहा था। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के पिता महेश साह और विजेंद्र नाथ के बीच पुराने विवाद के कारण तनाव था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं हमला इसी रंजिश का परिणाम तो नहीं है। आरोपी राजेश साह को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।
मामले को लेकर अभिनेता पंकज त्रिपाठी से संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन उनका फोन बंद मिला। वहीं, उनकी टीम ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हमला गांव के ही एक व्यक्ति द्वारा किया गया है और विजेंद्र नाथ फिलहाल पटना के अस्पताल में भर्ती हैं। टीम के अनुसार, मामले की जांच पुलिस कर रही है इसलिए फिलहाल इससे अधिक जानकारी साझा नहीं की जा सकती। पुलिस ने पीड़ित और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर लिए हैं तथा मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें:रेलवे ने सख्त किए नियम, बिना टिकट यात्रा पर देना होगा 500 रुपये जुर्माना