कतर के बरजान गैस प्लांट में भीषण विस्फोट, 54 कर्मचारी घायल और 18 लापता
कतर के रस लाफान औद्योगिक क्षेत्र स्थित बरजान गैस आपूर्ति संयंत्र में रविवार रात भीषण विस्फोट के बाद आग लग गई। हादसे में 54 कर्मचारी घायल हुए। जबकि, 18 लापता हैं।
कतर के प्रमुख रस लाफान औद्योगिक क्षेत्र स्थित बरजान गैस आपूर्ति प्लांट में रविवार रात जोरदार विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई। हादसे में कम से कम 54 कर्मचारी घायल हुए हैं। जबकि, 18 अन्य अब भी लापता बताए जा रहे हैं। यह दुर्घटना उस समय हुई जब प्लांट में परिचालन दोबारा शुरू करने की प्रक्रिया चल रही थी।
जानकारी के अनुसार, ईरान की बमबारी और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की नाकेबंदी के कारण कतर को प्राकृतिक गैस की आपूर्ति रोकनी पड़ी थी। जिसके चलते उत्पादन भी बंद कर दिया गया था। हाल ही में शांति वार्ता के बीच ईरान द्वारा नाकेबंदी में ढील दिए जाने के बाद कतर ने अपने गैस निर्यात टर्मिनल को फिर से चालू करने की तैयारी शुरू की थी। इसी दौरान बरजान गैस प्लांट में विस्फोट हुआ और देखते ही देखते आग फैल गई।
सरकारी कंपनी कतर एनर्जी के मुताबिक, हादसा प्लांट में परिचालन बहाल करने के दौरान हुआ। विस्फोट के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में कर्मचारी इसकी चपेट में आ गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। जबकि, लापता कर्मचारियों की तलाश जारी है।
अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट से हुए नुकसान का पूरा आकलन अभी नहीं हो सका है। शुरुआत में केवल कुछ लोगों के घायल होने की जानकारी दी गई थी लेकिन कुछ घंटों बाद कतर के गृह मंत्रालय ने पुष्टि की कि हादसे में 54 लोग घायल हुए हैं और 18 कर्मचारी अब भी लापता हैं।
दुनिया के सबसे बड़े प्राकृतिक गैस उत्पादकों में शामिल कतर के इस अहम निर्यात केंद्र में हुए हादसे से वैश्विक ऊर्जा बाजार पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। ऐसा इसलिए क्योंकि हॉर्मूज स्ट्रेट में हालिया तनाव के चलते पहले ही गैस आपूर्ति प्रभावित हो चुकी थी और अब इस दुर्घटना ने ऊर्जा आपूर्ति को लेकर नई चिंताएं बढ़ा दी हैं।




