नई दिल्ली। मोदी मंत्रिमंडल में अब जल्द ही विस्तार हो सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 7 जुलाई को मोदी कैबिनेट का विस्तार हो सकता है। मंत्रिमंडल विस्तार में 17 से 22 नए मंत्रियों को जगह दी जा सकती है। इसके साथ ही अगले साल राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की छाप भी मोदी के नए मंत्रिमंडल में दिख सकती है।  

मध्यप्रदेश से सिंधिया और राकेश सिंह बन सकते हैं मंत्री, बिहार से सुशील मोदी हैं प्रबल दावेदार 
मोदी के मंत्रिमंडल में बीजेपी नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया और राकेश सिंह मध्यप्रदेश से प्रबल दावेदार हैं। पिछले कई दिनों से सिंधिया को रेल मंत्री बनाए जाने की चर्चा है। वहीं मध्यप्रदेश बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष राकेश सिंह को भी मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की सुगबुगाहट तेज़ है।  

बिहार कोटे से राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी को मंत्री बनाए जाने की संभावना है।सुशील मोदी को बिहार चुनाव के बाद बीजेपी ने राज्यसभा भेजा था। सुशील मोदी रामविलास पासवान की मृत्यु से खाली हुई सीट पर राज्यसभा पहुंचे थे। सुशील मोदी के अलावा जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह भी मोदी मंत्रिमंडल में शामिल किए जा सकते हैं। इसके अलावा एलजीपी के बागी गुट के नेता पशुपति पारस को भी मोदी मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की चर्चा है।  

असम के पूर्व मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल से सीएम की गद्दी छिन जाने के बाद पार्टी आलाकमान उन्हें भी मंत्रिमंडल में एडजस्ट करने की सोच रहा है। लेकिन बीजेपी का सारा ध्यान अगले साल विभिन्न राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों पर है। इसलिए मोदी मंत्रिमंडल में राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की चाप दिखने की पूरी उम्मीद है। रिपोर्ट्स के मुताबिक मोदी मंत्रिमंडल में  उत्तर प्रदेश से तीन से चार मंत्रियों को शामिल किया जा सकता है। वहीं अपना दल की अनुप्रिया पटेल को मोदी कैबिनेट का हिस्सा बनाया जा सकता है।