भोपाल। मध्य प्रदेश में सहकारी समितियों के चुनाव एक साल के लिए टालने के फैसले पर सियासत तेज हो गई है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि सरकार राजस्थान में पंचायत और जिला परिषद चुनावों के नतीजों से डर गई है। इसी वजह से मध्य प्रदेश में सहकारिता चुनावों को फिर एक साल के लिए आगे बढ़ा दिया गया है।
उमंग सिंघार ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि राजस्थान के पंचायत और जिला परिषद चुनावों के नतीजों से डरी भाजपा सहकारिता चुनाव टाल रही है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार कई सालों से सहकारिता चुनाव टालती आ रही है। सहकारी संस्थाएं प्रदेश के किसानों को बीज, खाद और सिंचाई के लिए कर्ज उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। साथ ही, इन्हीं संस्थाओं से गांवों में नए राजनीतिक नेतृत्व की शुरुआत होती है।
सिंघार ने आरोप लगाया कि चुनाव टालकर सरकार लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार आखिर किसानों के हित में काम क्यों नहीं करना चाहती और सहकारिता चुनाव कराने से क्यों बच रही है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार राजनीतिक डर के कारण चुनाव टाल रही है तो इसका खामियाजा किसानों और आम लोगों को क्यों भुगतना चाहिए। नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सहकारिता चुनाव एक साल आगे बढ़ाने के फैसले को तत्काल वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार को सहकारिता से जुड़े लोगों और किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए अपने निर्णय पर पुनर्विचार करना चाहिए।
दरअसल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को हुई कैबिनेट बैठक में बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) के लंबित चुनावों की अवधि एक साल बढ़ाने का फैसला लिया गया था। सरकार की ओर से इसकी वजह उन ग्राम पंचायतों में समितियों के पुनर्गठन की प्रक्रिया जारी होना बताया गया, जहां पहले समितियां नहीं थीं। सरकार के मुताबिक, नवगठित समितियों में अभी कामकाज शुरू नहीं हुआ है और ऐसी स्थिति में चुनाव कराने से कानूनी एवं प्रशासनिक कठिनाइयां आ सकती हैं। कैबिनेट ने विपणन समितियों और जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के चुनाव की अवधि भी आवश्यकतानुसार बढ़ाने का निर्णय लिया है।
गौरतलब है कि प्रदेश की 4500 से अधिक प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों और 38 जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों में आखिरी बार वर्ष 2013 में चुनाव हुए थे। निर्वाचित संचालक मंडलों का कार्यकाल 2018 में समाप्त हो गया था। इसके बाद से इन संस्थाओं का संचालन प्रशासकों के माध्यम से किया जा रहा है। अब चुनाव एक साल और टलने से निर्वाचित प्रतिनिधियों की वापसी का इंतजार और बढ़ गया है।