नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के नतीजे कल यानी 4 जून को आने वाले हैं। चुनाव उपरांत टीवी चैनलों द्वारा जारी किए गए एग्जिट पोल में एनडीए की सरकार के बनने के संकेत दिए गए हैं और तीसरी बार मोदी को प्रधानमंत्री बनने की बात कही जा रही है। वहीं कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने दावा किया है, कि 4 जून को नतीजे आने दो इंडिया गठबंधन की ही सरकार बनने जा रही है। 

इतना ही नहीं जयराम ने कहा कि एनडीए के कई घटक दल इंडिया गठबंधन में शामिल होंगे। जयराम रमेश ने कहा कि INDIA गठबंधन की सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते प्रधानमंत्री भी कांग्रेस पार्टी का ही बनेगा। इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी एग्जिट पोल को मोदी मीडिया पोल करार देते हुए दावा किया कि इंडिया गठबंधन 295 सीटें हासिल करेगी।

मतगणना से पहले अखिलेश यादव का भी बड़ा बयान सामने आया है। सपा चीफ ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि भाजपा सरकार में पेपर लीक हुए, बेरोज़गारी बढ़ी, महिला पहलवानों ने यौन शोषण का आरोप लगाया। यही नहीं मणिपुर में हिंसा हुई। सपा अध्यक्ष ने आगे कहा कि इलेक्टोरल बॉण्ड सें मंहगाई बढ़ी, नोटबंदी से गरीबी बढ़ी, खाद की बोरी की चोरी की गई, अमीरों के लोन माफ किए गए।किसानों को ख़ुदकुशी पर मजबूर किया गया।

अखिलेश यादव ने आगे कहा कि बीजेपी ने लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया। बिना जांच के वैक्सीन लगाई गई। चुनी हुई सरकारें गिराई। राजनीति के फायदे से परिवारों को लड़ाया। जिन्होंने किसानों की हत्या की उन्हें मंत्री बनाये रखा। न्यायपालिका में भी अपनी सेटिंग की। ED-CBI को सरकार बचाने और चलाने के लिए इस्तेमाल किया। विकास और रोजगार के झूठे आंकड़े दिए। लोकतंत्र को मनतंत्र बनाया। 

सपा अध्यक्ष ने आगे कहा कि जनता इस बार गांधी जी की तरह करो और मरो के फॉर्मूले पर अपना बलिदान देने को तैयार है। 140 करोड़ जनता के आगे भ्रष्ट तंत्र नहीं टिक सकता है।