दिल्ली की सर्दी अभी शुरू ही हुई है और उसने नया रिकॉर्ड बना डाला। पूरे 58 साल का रिकॉर्ड। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली के 58 साल के इतिहास में हाल ही में खत्म हुआ अक्टूबर सबसे ठंडा महीना रहा है। दिल्ली में 1962 के बाद से पहली बार अक्टूबर में इतनी ठंड पड़ी है।

मौसम विभाग के मुताबिक, इस साल अक्टूबर में न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस रहा है। आमतौर पर अक्टूबर महीने में दिल्ली का औसत न्यूनतम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस रहता है। लेकिन पिछले गुरुवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री रहा था, जो बीते 26 सालों में सबसे कम था। मौसम विभाग के अनुसार शांत हवा की वजह से इस साल ठंड बढ़ी है, जिससे धुंध और कोहरा भी बढ़ा है। वहीं इस समय न्यूनतम तापमान का मुख्य कारण बादलों के कवर का ना होना है।

आपको बता दें, दिल्ली में अब तक का सबसे कम तापमान 31 अक्टूबर 1937 को 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं अगर हम दिल्ली के प्रदूषण की बात करें तो दिल्ली की हालत बेहद खराब है। दिल्ली में प्रदूषण का स्तर बहुत बुरी हालत में जा पहुंचा है। दिल्ली एनसीआर की हवा जहरीली हो गई है। रविवार को दिल्ली में पराली के धुएं की प्रदूषण में 40 फीसदी हिस्सेदारी रही। गुरुवार को यह 36 फीसदी तो शनिवार को 32 फीसदी दर्ज की गई थी। सोमवार को हवा गति में सुधार की वजह से वायु की गुणवत्ता में सुधार की संभावना है।